सनी देओल की फिल्म जिसका लोग बेसब्री से इंतज़ार कर रहे थे, ‘बॉर्डर 2’ ने रिलीज़ के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच दिया है। शुक्रवार को सिनेमाघरों में कदम रखते ही फिल्म ने जबरदस्त ओपनिंग दर्ज की और इसे अब तक की सबसे बड़ी ओपनिंग वाली वॉर फिल्म बना दिया। करीब 30 साल पहले आई फिल्म ‘बॉर्डर’ आज भी देश की सबसे यादगार वॉर फिल्मों में गिनी जाती है। ऐसे में इसके सीक्वल को लेकर दर्शकों के मन में उत्सुकता के साथ-साथ संदेह भी था कि क्या मेकर्स फिर से वही भावनात्मक और देशभक्ति वाला जादू रचा पाएंगे या नहीं। लेकिन ‘बॉर्डर 2’ ने पहले ही दिन इन सभी शंकाओं को दूर कर दिया।

सुबह के शो से ही थिएटर्स में दर्शकों की अच्छी भीड़ देखने को मिली। जैसे-जैसे दिन आगे बढ़ा, फिल्म को लेकर वर्ड ऑफ माउथ और मजबूत होता गया। सनी देओल की दमदार एक्टिंग, जोशीले डायलॉग्स और देशभक्ति से भरपूर सीन दर्शकों को खूब पसंद आ रहे हैं। यही वजह है कि फिल्म का क्रेज पूरे दिन बना रहा। अब तक सबसे बड़ी ओपनिंग का रिकॉर्ड संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘पद्मावत’ के नाम था, जिसने पहले दिन करीब 24 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था। इसके बाद सलमान खान की ‘ट्यूबलाइट’ (21.15 करोड़) और अक्षय कुमार की ‘केसरी’ (करीब 21 करोड़) का नंबर आता है।

लेकिन ‘बॉर्डर 2’ ने इन सभी फिल्मों को पीछे छोड़ते हुए पहले ही दिन 32.10 करोड़ रुपये का शानदार नेट कलेक्शन किया है। यह आंकड़ा साफ दिखाता है कि सनी देओल की लोकप्रियता और देशभक्ति वाली फिल्मों का जादू आज भी दर्शकों के दिलों में बरकरार है। फिल्म की ओपनिंग को देखते हुए ट्रेड एक्सपर्ट्स को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में भी ‘बॉर्डर 2’ बॉक्स ऑफिस पर मजबूत पकड़ बनाए रखेगी और कई नए रिकॉर्ड अपने नाम कर सकती है।