पटना: राजधानी पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल में रह रही छात्रा की संदिग्ध मौत मामले ने काफी तूल पकड़ लिया है। छात्रा की मौत मामले में हॉस्टल प्रबंधक, प्रभात मेमोरियल हॉस्पिटल और पटना पुलिस पर भी कई गंभीर आरोप लगे। हालांकि अभी SIT मामले की जांच कर रही है और जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती है तब तक आरोपी की पहचान नहीं हो सकती है। इस बीच इस मामले में आरोपों से घिरा प्रभात मेमोरियल हॉस्पिटल के संचालक डॉ सतीश का एक विवादित बयान सामने आया है।
वायरल वीडियो गणतंत्र दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण के दौरान का है। इस दौरान अस्पताल के कर्मियों को संबोधित करते हुए डॉ सतीश ने एक एक का दरवाजा खोलने और सभी को जमींदोज कर नेस्तनाबूद करने की बात कही है। वायरल वीडियो में साफ देखा और सुना जा सकता है कि डॉ सतीश ध्वजारोहण के बाद अपने अस्पताल के कर्मियों को संबोधित कर रहे थे।
यह भी पढ़ें - बद्रीनाथ और केदारनाथ मंदिर में गैर हिंदुओं के प्रवेश पर लगेगा रोक, जल्द लिया जायेगा बड़ा फैसला...
इस दौरान डॉ सतीश ने पहले गणतंत्र दिवस मनाने का कारण बताया और कहा कि गणतंत्र दिवस इस लिए मनाया जाता है कि सभी जाति, धर्म को ध्यान में रख कर नियम कानून बनाये गए हैं जिसे सभी को पालन भी करना है। अगर आप नियम कानून का पालन करते हैं तो आपको कहीं से डरने की जरूरत नहीं है। गणतंत्र दिवस फ्री हो कर जीने की बात कहता है और हमें यह सिखाता है कि अगर सही हैं तो संभव है कि आप परेशान हो सकते हैं लेकिन अगर आप संविधान के नियम नीति के द्वारा काम करेंगे तो आप फिर से आगे बढ़ेंगे। आप इतना आगे बढ़ेंगे कि दुनिया का कोई ताकत आपको हिला नहीं सकती है।
मैं एक विश्वास और वादे के साथ कहता हूँ कि प्रभात हॉस्पिटल आज तक किसी के दबाव में काम नहीं किया है और न आगे करेगा। जिसे जितनी साजिशें रचनी है रचे, मैं अभिमन्यु हूं कलियुग का, एक एक का दरवाजा खोलूँगा और एक एक को जमीन में गाड़ कर नेस्तनाबूद कर दूंगा। यह प्रभात हॉस्पिटल का एक वादा है। आप कभी जिन्दगी में गलत करने का न सोचें, नियम कानून का अनुसरण करें, आपको जिन्दगी में कोई फंसा नहीं सकता है। बता दें कि नीट छात्रा की मौत मामले में परिजनों ने प्रभात हॉस्पिटल के संचालक डॉ सतीश पर कई गंभीर आरोप लगाये हैं और उन्हें उनसे SIT भी पूछताछ कर चुकी है।
यह भी पढ़ें - टी-20 विश्वकप में दर्शक नहीं देख पाएंगे भारत-पाकिस्तान का मुकाबला, PCB सोच रहा है कुछ ऐसा कि...