Join Us On WhatsApp

इंटर एग्जाम का एडमिट कार्ड नहीं मिला तो छात्रों का फूटा गुस्सा

समस्तीपुर के सतमलपुर स्थित उच्च माध्यमिक रहीमुद्दीन उर्दू विद्यालय में इंटर के छात्रों को एडमिट कार्ड और प्रायोगिक परीक्षा से वंचित किए जाने के आरोप में आक्रोश फूट पड़ा।

inter exam admit card na milne par chhatro ka futa gussa
इंटर एग्जाम का एडमिट कार्ड नहीं मिला तो छात्रों का फूटा गुस्सा- फोटो : Darsh News

समस्तीपुर जिले के वारिसनगर प्रखंड अंतर्गत सतमलपुर पंचायत स्थित उच्च माध्यमिक रहीमुद्दीन उर्दू विद्यालय के इंटर के छात्र-छात्राओं ने एडमिट कार्ड नहीं मिलने और प्रायोगिक परीक्षा से वंचित किए जाने के विरोध में बुधवार को सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। आक्रोशित छात्रों ने समस्तीपुर–बहेड़ी मुख्य पथ के सतमलपुर चौक को जाम कर यातायात पूरी तरह बाधित कर दिया।

प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि विद्यालय की प्रधानाध्यापिका प्रीति कुमारी ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुल्क लेने के बावजूद छात्रों का ऑनलाइन फॉर्म सही तरीके से नहीं भरा। छात्रों का कहना है कि फॉर्म ब्लैंक भर दिए जाने के कारण डमी एडमिट कार्ड जारी नहीं हो पाया, जिससे वे सरकार द्वारा निर्धारित 10 जनवरी से 20 जनवरी के बीच हुई प्रायोगिक परीक्षा में शामिल नहीं हो सके। जबकि जिले के अन्य विद्यालयों में प्रायोगिक परीक्षा सफलतापूर्वक आयोजित की गई।

यह भी पढ़ें: चेकिंग में खुला राज: ट्रक के तहखाने से निकली हजारों लीटर शराब

छात्रों ने बताया कि विद्यालय में इंटर के करीब 68 छात्र-छात्राएं नामांकित हैं, जबकि माध्यमिक स्तर पर लगभग 111 विद्यार्थी पढ़ रहे हैं। छात्रों के अनुसार, 21 जनवरी को प्रधानाध्यापिका द्वारा डमी एडमिट कार्ड देने के लिए विद्यालय बुलाया गया था, लेकिन जब छात्र पहुंचे तो न तो प्रधानाध्यापिका कार्यालय में मौजूद थीं और न ही एडमिट कार्ड वितरित किया गया। बाद में मोबाइल पर संपर्क करने पर प्रधानाध्यापिका ने कथित तौर पर कहा कि “तुम लोगों को एडमिट कार्ड नहीं मिलेगा, मई में परीक्षा होगी, जो करना है करो।”

यह भी पढ़ें: वैशाली हंगामा: शराब छापेमारी में पुलिस पर भीड़ का हमला, हवाई फायरिंग से बजीं गोलियां

इस बयान से नाराज छात्रों ने एकजुट होकर सड़क जाम कर दिया और प्रधानाध्यापिका को बर्खास्त करने, सभी छात्रों की एक साथ परीक्षा लेने तथा तुरंत एडमिट कार्ड उपलब्ध कराने की मांग पर अड़ गए। सूचना मिलने पर वारिसनगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रों को समझा-बुझाकर जाम हटाने का प्रयास किया, लेकिन छात्र अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे रहे। फिलहाल मामला शिक्षा विभाग के संज्ञान में लाने की तैयारी की जा रही है। छात्रों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे अपना आंदोलन और तेज करेंगे।


Scan and join

darsh news whats app qr
Join Us On WhatsApp