पटना: पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही। वे जमानत की उम्मीद लेकर बेउर जेल न्यायालय तो पहुँचते हैं लेकिन बावजूद उन्हें अभी जेल में ही रहना होगा। गुरुवार को एक बार फिर कोर्ट में पेशी के बावजूद पप्पू यादव को जमानत नहीं मिल सकी। अब उनकी जमानत पर शुक्रवार को फिर से सुनवाई होगी। पप्पू यादव के वकील ने कहा कि हमें उम्मीद है कि शुक्रवार को उन्हें जमानत मिल जाएगी जिसके बाद वे जेल से बाहर आ सकेंगे।
दरअसल 31 वर्ष पुराने मामले में जमानत मिलने के बाद पटना पुलिस ने दो अन्य पुराने केस में उनकी कस्टडी कोर्ट में दिखाई है जिसके उन्हें अब उन मामलों में भी जमानत लेनी होगी। पप्पू यादव के वकील शिव नंदन भारती ने बताया कि पप्पू यादव को कोतवाली थाना में दर्ज एक मामले में रिमांड पर लिया गया है इसके साथ ही एक अन्य मामले में भी उन्हें रिमांड पर लिए जाने की पुलिस ने तैयारी कर ली है, इस वजह से उन्हें अभी कस्टडी में ही रहना होगा।
यह भी पढ़ें - बिहार के खेत से उठ रही मसालों की खुशबू, किसान अब कम लागत में कमा रहे बेहतर मुनाफा...
उन्होंने बताया कि बुधवार और गुरुवार को लगातार दो दिन कोर्ट में बम विस्फोट की अफवाह की वजह से सुनवाई नहीं हो सकी। गुरुवार को बम के अफवाह के बावजूद कोर्ट खुला और उनकी पेशी तो हुई लेकिन एक वकील की मृत्यु की वजह से आज बहस नहीं हो सकी। अब शुक्रवार को एक बार फिर से जमानत को लेकर सुनवाई होगी और उम्मीद है कि शुक्रवार को उन्हें कोर्ट जमानत दे देगी।
बता दें कि पप्पू यादव को 6 फरवरी को पुलिस ने गर्दनीबाग थाना में दर्ज 31 वर्ष पुराने एक मामले में गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद कोर्ट ने उन्हें जेल भेज दिया और फिर मंगलवार को उन्हें जमानत मिल गई लेकिन इस बीच पुलिस ने दो और मामले में उन्हें कस्टडी में दिखा दिया जिसमे अभी तक जमानत नहीं हो सकी है। अन्य दोनों मामलों में जमानत मिलने के बाद ही अब पप्पू यादव जेल से बाहर आ सकेंगे। अपनी गिरफ्तारी को लेकर पप्पू यादव ने पुलिस पर आरोप लगाया कि वे नीट छात्रा की मौत मामले में लगातार पुलिस का बखिया उधेड़ रहे थे इस वजह से पुलिस ने साजिश के तहत उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
यह भी पढ़ें - देश के पहले स्वतंत्रता सेनानी थे तिलकामांझी जिसने समाज की लड़ाई लड़ी, भागलपुर में डॉ इशान सिन्हा ने...
पटना से चंदन तिवारी की रिपोर्ट