Join Us On WhatsApp

तिरंगे की सलामी से सजा पटना: गांधी मैदान में राज्यपाल ने किया ध्वजारोहण, SSP कार्यालय में भी गूंजा 77 वां गणतंत्र दिवस का गौरव

पटना के गांधी मैदान में 77वें गणतंत्र दिवस का मुख्य राजकीय समारोह पूरे उत्साह के साथ आयोजित किया गया, जहां राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने तिरंगा फहराया और भव्य परेड व झांकियों ने समारोह की शोभा बढ़ाई।

republic day in patna
तिरंगे की सलामी से सजा पटना: गांधी मैदान में राज्यपाल ने किया ध्वजारोहण, SSP कार्यालय में भी गूंजा 7- फोटो : Darsh News

आज पूरा देश 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह और गौरव के साथ मना रहा है। बिहार की राजधानी पटना में मुख्य राजकीय समारोह का आयोजन ऐतिहासिक गांधी मैदान में किया गया। सुबह से ही गांधी मैदान देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान निर्धारित समय पर गांधी मैदान पहुंचे और कुछ ही देर बाद उन्होंने तिरंगा फहराया। ध्वजारोहण के साथ ही पूरा गांधी मैदान भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से गूंज उठा। इस मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


ध्वजारोहण के बाद गांधी मैदान में 21 टुकड़ियों की भव्य परेड निकाली गई, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। परेड में पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी और अन्य बलों की टुकड़ियों ने अनुशासन और देशभक्ति का शानदार प्रदर्शन किया। इसके साथ ही 12 विभागों की आकर्षक झांकियां भी निकाली गईं, जिनमें बिहार के विकास, संस्कृति, महिला सशक्तिकरण और सरकारी योजनाओं की झलक देखने को मिली। समारोह को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। सुरक्षा के लिहाज से गांधी मैदान और आसपास के इलाकों को चार सेक्टरों में बांटा गया, जहां 136 दंडाधिकारी और पुलिस अधिकारी तैनात किए गए। इसके अलावा महिला बल, लाठी बल और अतिरिक्त पुलिस बल भी हर मोर्चे पर मुस्तैद रहे, ताकि समारोह शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।



इधर, पटना के एसएसपी कार्यालय में भी गणतंत्र दिवस का आयोजन किया गया। एसएसपी ने कार्यालय परिसर में झंडोत्तोलन किया और तिरंगे को सलामी दी। इस अवसर पर तीनों सिटी एसपी, डीआईओ और एसएसपी कार्यालय के सभी पुलिसकर्मियों ने तिरंगे को सम्मानपूर्वक सलामी दी। पटना में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह अनुशासन, सुरक्षा और देशभक्ति की भावना के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसने लोकतंत्र और संविधान के प्रति लोगों की आस्था को और मजबूत किया।


Scan and join

darsh news whats app qr
Join Us On WhatsApp