पटना: बिहार में एक तरफ सियासी हलचल काफी तेज है तो दूसरी तरफ उप मुख्यमंत्री एवं राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय सिन्हा अपने विभागीय कामों को लेकर लगातार एक्शन में हैं। लंबे समय से चल रहे CO और RO के हड़ताल के बीच विजय सिन्हा ने तीन अंचलाधिकारियों पर एक बार फिर से गाज गिरा दिया है। सभी अंचलाधिकारियों पर सीएम के कार्यक्रम में व्यवधान उत्पन्न करने, विभागीय मंत्री के कार्यक्रम से दूरी बनाये रखने, विभागीय एवं कोर्ट के आदेश की अवहलेना का आरोप है।
उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने शनिवार को एक झटके में बक्सर के सदर सीओ राहुल कुमार, भागलपुर के शाहकुंड की सीओ हर्षा कोमल और सीतामढ़ी के डुमरा की सीओ डॉली कुमारी को निलंबित कर दिया। तीनो सीओ के निलंबन का आदेश विभाग की तरफ से जारी कर दिया गया है। सभी पर आरोप है कि इन अधिकारियों ने मुख्यमंत्री की यात्रा में व्यवधान उत्पन्न किया साथ ही डिप्टी सीएम विजय सिन्हा के भूमि सुधार जन संवाद कार्यक्रम में अनुपस्थित रहे, महालेखाकार को आवंटन, व्यय एवं उपयोगिता प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं कराया, तय लक्ष्य से कम राजस्व संग्रहण किया, कोर्ट के आदेश के बावजूद अतिक्रमण हटाने के कार्य का अनुपालन नहीं किया।
यह भी पढ़ें - CM पद से इस्तीफा के पहले नीतीश ने खाली कर दिया आवास, यहां रहेंगे खुद, अब किसे मिलेगा 1 अने मार्ग?
बता दें कि बिहार में पिछले एक महीने से सीओ और आरओ हड़ताल पर हैं। डिप्टी सीएम सबसे बार बार अनुरोध कर रहे हैं कि आप काम वापस आइये हम आपकी हर समस्या का समाधान करेंगे, साथ ही शुक्रवार की शाम तक ड्यूटी ज्वाइन करने का निर्देश जारी किया था। अब डिप्टी सीएम ने तीनों अंचलाधिकारी के विरुद्ध एक्शन लेते हुए उन्हें निलंबित कर दिया है। बता दें इससे पहले भी विजय सिन्हा ने पिछले महीने पटना सदर सीओ रजनीकांत, घोड़ासहन सीओ आनंद कुमार और अररिया के भू-अर्जन पदाधिकारी जितेंद्र पांडेय को निलंबित कर दिया था।
इधर हड़ताल पर गए अधिकारियों को डिप्टी सीएम बार बार अनुरोध और निर्देश दे रहे हैं कि आप अपने काम पर वापस आयें और जनता के काम करते रहें हम आपकी हर समस्या का समाधान करेंगे। जो अधिकारी काम पर वापस नहीं आयेंगे उनका सर्विस ब्रेक कर प्रमोशन के लाभ से वंचित कर दिया जायेगा
यह भी पढ़ें - चिराग भी बन सकते हैं बिहार का अगला CM? मीडिया से बात करते हुए खुद बताया 'क्या चाहते हैं'