darsh news

5 मिनट का खेल और 16 लाख साफ! 3 नकाबपोशों ने दिया वारदात को अंजाम

5 minutes of play and 16 lakhs cleared

पटना के बिहटा थाना क्षेत्र के कन्हौली बाजार स्थित एक मोबाइल दुकान में रविवार देर रात फिल्मी अंदाज में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। महज पांच मिनट के भीतर तीन चोर करीब 16 से 17 लाख रुपये के 72 स्मार्टफोन, एक वॉशिंग मशीन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान लेकर फरार हो गए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

जानकारी के मुताबिक घटना 2 मार्च की रात करीब 1:00 से 1:05 बजे के बीच की है। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि एक युवक मुंह पर गमछा बांधकर पीछे के रास्ते से दुकान में दाखिल होता है। अंदर घुसने के बाद वह आगे का शटर काटता है और अपने दो साथियों को अंदर बुलाता है। इसके बाद तीनों आराम से कीमती स्मार्टफोन और अन्य सामान समेटते नजर आते हैं।

यह भी पढ़ें: त्योहार पर प्रशासन का बड़ा एक्शन…बिना लाइसेंस नहीं लगेगी मुर्गा दुकान

दुकान मालिक पंकज कुमार ने बताया कि 1 मार्च की रात दुकान बंद कर वह घर चले गए थे। देर रात करीब 1:30 बजे गश्ती पुलिस ने सूचना दी कि दुकान का शटर कटा हुआ है। मौके पर पहुंचने पर दुकान के अंदर सामान बिखरा मिला और 72 स्मार्टफोन सहित अन्य सामान गायब थे। चोरी गए सामान की कीमत लगभग 16 लाख रुपये आंकी गई है।

यह भी पढ़ें: SVU का बड़ा धमाका: इंजीनियर गिरफ्तार, ठिकाने से नोटों का जखीरा मिला

घटना की सूचना मिलते ही बिहटा पुलिस ने पटना एफएसएल टीम को बुलाया। एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है। थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि लिखित आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान की कोशिश की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


Scan and join

darsh news whats app qr