राज्यसभा चुनाव के बीच विधायक के घर में हो गया बड़ा कांड... पूरी खबर जरुर पढ़ें
राजधानी पटना के बेउर थाना क्षेत्र के हसनपुरा इलाके में सोमवार देर रात डकैती की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। हथियारबंद अपराधियों ने पूर्व विधायक ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ‘ज्ञानू’ के ड्राइवर सुदेश्वर राय के घर को निशाना बनाते हुए पूरे परिवार को बंधक बना लिया और करीब एक घंटे तक घर में जमकर लूटपाट की।
मिली जानकारी के अनुसार, देर रात करीब छह की संख्या में बदमाश सुदेश्वर राय के घर पहुंचे। इनमें से चार अपराधी घर के अंदर घुस गए, जबकि दो बाहर पहरा देते रहे। घर में घुसते ही बदमाशों ने सबसे पहले सुदेश्वर राय की बेटी को हथियार के बल पर काबू में कर लिया। बेटी के शोर मचाने पर जब सुदेश्वर राय और उनकी पत्नी कमरे से बाहर आए तो अपराधियों ने उन्हें भी हथियार दिखाकर धमकाया और बैठक में बैठाकर बंधक बना लिया।
यह भी पढ़ें: जीत के दावे से परिणाम का इंतजार तक, वोटिंग के लिए नहीं पहुंचे 3 विधायक तो तेजस्वी ने कहा...
इसके बाद बदमाशों ने अलमारी की चाबी मांगी। चाबी नहीं मिलने पर उन्होंने अलमारी को तोड़ दिया और उसमें रखे सोने-चांदी के लाखों रुपये के जेवरात तथा करीब 20 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि अपराधियों के पास दो हथियार थे, जबकि बाकी के हाथों में लोहे की रॉड थी। सभी बदमाशों के चेहरे खुले थे और वे घर के अलग-अलग कमरों में जाकर सामान खंगालते रहे।
यह भी पढ़ें: मुख्यमंत्री ने पटना समाहरणालय का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए निर्देश
करीब एक घंटे तक घर में आतंक मचाने के बाद अपराधियों ने परिवार के लोगों को कमरे में बंद कर दिया और मौके से फरार हो गए। किसी तरह छिपाकर रखे मोबाइल से सुदेश्वर राय ने अपने बेटे और रिश्तेदारों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन पहुंचे और बाहर से दरवाजा खोलकर परिवार को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। वहीं सुबह बेउर थाना अध्यक्ष अफसर हुसैन भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की पहचान करने में जुटी है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।