darsh news

मूर्ति विसर्जन से लौट रहे बच्चों के साथ बड़ा हादसा, काजीचक चौक पर पलटा ट्रैक्टर

Accident in badh

बाढ़: बाढ़ अनुमंडल के बाढ़ थाना क्षेत्र में रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया। काजीचक चौक के पास स्कूली बच्चों से भरा एक ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में कुल 14 छोटे-छोटे स्कूली बच्चे घायल हो गए, जिनमें से 3 बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल बच्चों को बेहतर इलाज के लिए पटना के पीएमसीएच रेफर किया गया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी घायल बच्चे बाढ़ स्थित ज्ञानदीप आवासीय विद्यालय के छात्र हैं। ये बच्चे सरस्वती पूजा के बाद बाढ़ के अलखनाथ घाट पर मूर्ति विसर्जन कर अपने हॉस्टल लौट रहे थे। इसी दौरान काजीचक चौक के पास ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया। ट्रैक्टर पलटते ही उस पर सवार बच्चे सड़क पर गिर पड़े, जिससे अफरा-तफरी मच गई।


घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बच्चों को ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकाला। सभी घायलों को तुरंत बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। इलाज के दौरान 3 बच्चों की हालत गंभीर पाई गई, जिसके बाद उन्हें पटना के पीएमसीएच रेफर कर दिया गया।


बाढ़ थाना प्रभारी ब्रजकिशोर सिंह ने बताया कि इस दुर्घटना में कुल 14 बच्चे घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। वहीं अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. विनय कुमार ने बताया कि शेष बच्चों की हालत अब स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।


घटना के बाद बच्चों के परिजनों और विद्यालय प्रशासन में चिंता का माहौल बना हुआ है। वहीं स्थानीय लोग इस तरह बच्चों को ट्रैक्टर में ले जाने पर सवाल उठा रहे हैं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी जता रहे हैं।

Scan and join

darsh news whats app qr