darsh news

राजधानी में एक और छात्रा बनी शिकार, पहले दबाव बनाया फिर दी धमकी और नहीं बनी बात तो...

Another student became a victim in the capital

पटना: राजधानी पटना में बीते दिनों एक तरफा प्यार में आशिक की बेरहमी का शिकार छात्रा की शुक्रवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। छात्रा की मौत के बाद एक बार फिर महिला सुरक्षा पर सवाल उठने लगा है। घटना राजधानी पटना के गोपालपुर थाना क्षेत्र के बेरिया गांव की है जहां एकतरफा प्यार में एक सनकी युवक ने युवती के शरीर पर पेट्रोल डाल कर जिंदा जला दिया था। घटना में छात्रा बुरी तरह से झुलस गई थी जिसने अब इलाज के दौरान अंतिम सांस ली। बताया जा रहा है कि छात्रा अपनी नानी के घर रह कर पढ़ाई करती थी। वह 10वीं की छात्रा थी जिसके ऊपर एक युवक जबरदस्ती बात करने का दबाव बनाता था। बात करने से इनकार करने पर युवक ने पहले पेट्रोल डाल आग लगाने की धमकी दी और फिर उसके ऊपर पेट्रोल डाल कर माचिस की जलती तीली फेंक आग लगा दी।

घटना के संबंध में मृतिका छात्रा के परिजनों ने कहा कि एक युवक आदित्य कुमार लंबे समय से छात्रा को परेशान करता था और बात करने का दबाव बनाता था। बीते 17 जनवरी को युवक ने छात्रा को रास्ते में घेर लिया और बात करने का दबाव बनाने लगा। इस दौरान छात्रा ने जब बात करने से मना किया तो युवक ने कई तरह की धमकी दी। उसने उसके फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने और जला कर मारने की धमकी दी  परिजनों ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इसी बहस के दौरान युवक ने छात्रा के ऊपर पेट्रोल डाल कर माचिस की जलती तीली उसके ऊपर फेंक दी। छात्रा के शरीर में आग लगते ही वह चीखने चिल्लाने लगी और सड़क पर करीब 100 फीट तक दौड़ते हुए गिर गई। घटना के बाद आनन फानन में लोगों ने आग बुझाया और छात्रा को अस्पताल पहुंचाया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

राजधानी पटना में स्थित NMCH के डॉक्टरों की मानें तो छात्रा का शरीर लगभग पूरी तरह जल चुका था। 6 दिनों से चल रहे इलाज के दौरान शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। घटना को लेकर छात्रा के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि छात्रा ने मौत से पहले बताया कि आरोपी ने पहले पेट्रोल छिड़का, फिर एक माचिस की तीली जलाकर डराने के लिए फेंकी। इसके बाद दूसरी माचिस जलाकर सीधे उसके शरीर पर फेंक दी। मुस्कान के अनुसार, आग लगते ही वह चीखने लगी और भागने लगी, लेकिन कुछ ही दूरी पर बेहोश होकर गिर पड़ी।

छात्रा के पिता दिलीप कुमार ने बताया कि उनकी बेटी रोज उसी रास्ते से पढ़ाई के लिए आती-जाती थी और आरोपी युवक आए दिन उसे परेशान करता था।  आदित्य कुमार उनकी बेटी को फोटो वायरल करने की धमकी देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। पिता ने कहा कि मेरी बेटी सिर्फ पढ़ना चाहती थी, लेकिन उसकी सादगी और चुप्पी को आरोपी ने उसकी कमजोरी समझ लिया। घटना के बाद से आरोपी आदित्य कुमार फरार है। गोपालपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। सदर SDPO-2 रंजन कुमार ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर केस दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है और उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Scan and join

darsh news whats app qr