darsh news

परिवार के झगड़े में बहा खून! भतीजे ने ईंट से मार- मारकर अपने चाचा को उतारा मौत के घाट

Bloodshed in family feud

गया जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र के कुरवामां गांव में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक भतीजे ने अपने ही चाचा पर ईंट से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक की पहचान कुरवामां गांव निवासी गुलाब चंद प्रसाद के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार वह काफी शांत स्वभाव के और समाजसेवी प्रवृत्ति के व्यक्ति थे, जिनकी गांव में अच्छी प्रतिष्ठा थी।

बताया जा रहा है कि गुलाब चंद प्रसाद के भतीजे चंदन कुमार का अपने पड़ोसी प्रमोद यादव के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। दोनों के बीच बहस और झगड़ा बढ़ने लगा। इसी दौरान गुलाब चंद प्रसाद मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों के बीच विवाद को शांत कराने की कोशिश करने लगे। इसी बीच गुस्से में आकर चंदन कुमार ने अपने घर की छत से ईंट उठाकर अपने चाचा पर जोरदार हमला कर दिया। ईंट लगते ही गुलाब चंद प्रसाद गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। उनके सिर से काफी खून बहने लगा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

यह भी पढ़ें: बिहार के सुशासन बाबू के शासन का अंत…20 साल बाद बिहार की सत्ता से विदा ले रहे हैं नीतीश कुमार को जनता का सलाम

घटना के बाद परिजन और ग्रामीण उन्हें तुरंत इलाज के लिए गया स्थित एम्स लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें पटना रेफर कर दिया। परिजनों के मुताबिक पटना ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया। मृतक के घर में रो-रोकर परिजनों का बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि गुलाब चंद प्रसाद के तीन बेटे हैं।

यह भी पढ़ें: राज्यसभा जाएंगे नीतीश तो CM पद से कब देंगे इस्तीफा? कौन होंगे बिहार के अगले मुख्यमंत्री? पढ़ें...

घटना की सूचना मिलते ही बाराचट्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना अध्यक्ष सह निरीक्षक अर्मेदर किशोर ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीम गठित की गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल गया भेज दिया है।


Scan and join

darsh news whats app qr