सुबह-सुबह चला बुलडोजर, दानापुर में अतिक्रमण हटते ही भड़का विरोध
दानापुर की खबर है, जहां दीघा–खगौल रोड पर फोरलेन सड़क निर्माण को लेकर एक बार फिर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। सड़क किनारे बने अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए बुधवार को बड़े पैमाने पर बुलडोजर कार्रवाई की गई। इस दौरान दीघा रोड के किनारे बने सभी झोपड़ीनुमा मकानों को ध्वस्त कर दिया गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रशासन का कहना है कि ये सभी मकान अवैध रूप से सड़क की जमीन पर बनाए गए थे और फोरलेन सड़क निर्माण में बाधा बन रहे थे। अतिक्रमणकारियों को पहले ही नोटिस देकर पुनर्वास के लिए वैकल्पिक स्थान चिन्हित किया जा चुका था, लेकिन वहां पेयजल समेत अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी के कारण कई लोग अब तक पुराने स्थान पर ही रह रहे थे।
यह भी पढ़ें: रेलिंग से कूदने वाले थे माँ और उसका बच्चा, पुलिस की सूझबूझ से बची दो जिंदगियां
जैसे ही अनुमंडल अधिकारी चंदन कुमार प्रशासनिक दल और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, स्थानीय लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। विरोध के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई और एसडीओ पर हमले की भी कोशिश की गई। हालात बिगड़ते देख अतिरिक्त पुलिस बल को बुलाया गया, जिसके बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और हंगामा कर रहे कुछ लोगों को हिरासत में लिया।
यह भी पढ़ें: रोहिणी को पसंद नहीं आया बिहार का बजट, कहा 'जल्द ही दम तोड़ देगा झूठ का ढिंढोरा...'
मौके पर मौजूद दानापुर के एएसपी शिवम धाकड़ ने बताया कि दीघा से खगौल तक फोरलेन सड़क का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और सड़क किनारे किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी घर या दुकान सड़क पर नहीं रहने दी जाएगी और पूरी कार्रवाई विधि-सम्मत तरीके से की जा रही है।एएसपी ने यह भी आश्वासन दिया कि प्रभावित लोगों की समस्याओं को लेकर प्रशासन गंभीर है और पुनर्वास से जुड़ी दिक्कतों के समाधान के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल, निर्माण कार्य में बाधा बन रहे सभी अतिक्रमण को हटाने का अभियान लगातार जारी है।