darsh news

बिहार में शीतलहर का अलर्ट, मोकामा 6-लेन पर हादसा, कोहरे में टकराईं 5 गाड़ियां

Cold wave alert in Bihar; accident on Mokama 6-lane, 5 vehic

पटना: बिहार में इन दिनों कड़ाके की ठंड लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है। पहाड़ी इलाकों से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण राज्य में कनकनी हो गई है। हालात ऐसे हैं कि बिहार के 12 जिलों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। शनिवार को नालंदा राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान सिर्फ 3.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार शेखपुरा में 3.2 डिग्री, पटना में 4.1 डिग्री, नवादा और बक्सर में 4.2 डिग्री, अरवल में 4.4 डिग्री तापमान रहा। वहीं रोहतास और मुंगेर में 4.6 डिग्री, भोजपुर और जहानाबाद में 4.7 डिग्री तथा लखीसराय में 4.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। रविवार की सुबह समस्तीपुर, खगड़िया, बेगूसराय और सुपौल जिलों में घना कोहरा छाया रहा। कई जगहों पर दृश्यता लगभग शून्य रही, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ। मौसम विभाग ने राज्य के 31 जिलों के लिए शीतलहर और घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। लोगों को सुबह और रात के समय खास सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

कोहरे की वजह से मोकामा 6-लेन पर हादसा, कोहरे में टकराईं 5 गाड़ियां

आपको बता दें की , मोकामा में घने कोहरे की वजह से बड़ा सड़क हादसा हो गया। मोकामा के 6-लेन सड़क पर औंटा गोलंबर के पास पांच वाहन आपस में टकरा गए। इस हादसे में एक ट्रक पलट गया, जबकि एक एंबुलेंस और स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। एंबुलेंस रात में हुए एक अन्य हादसे के घायलों को लेकर जा रही थी। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। हादसे में कुछ लोगों के घायल होने की सूचना है।

आने वाले दिनों में मौसम का हाल

मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में अगले 48 घंटे तक शीतलहर का असर बना रहेगा। इस दौरान तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की और गिरावट हो सकती है। हालांकि 15 जनवरी के बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी की संभावना है। अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री की बढ़त हो सकती है, लेकिन ठंड से पूरी राहत नहीं मिलेगी। राजधानी पटना में दिन के समय हल्की धूप निकल सकती है, लेकिन ठंड बनी रहेगी। सुबह और देर रात घना कोहरा छाने की आशंका है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

Scan and join

darsh news whats app qr