darsh news

शेखपुरा में दिनदहाड़े मारपीट: शोरूम स्टाफ को रॉड से पीटा, संचालक भी घायल

Fight in broad daylight in Sheikhpura

शेखपुरा सदर थाना क्षेत्र में यामाहा शोरूम के पास बदमाशों द्वारा की गई मारपीट की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। दल्लु चौक रेलवे गुमटी के समीप स्थित शोरूम के पास कुछ लोगों द्वारा एक पिकअप चालक के साथ विवाद किया जा रहा था। इसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे शोरूम के स्टाफ और संचालक पर ही बदमाशों ने हमला कर दिया।

जानकारी के अनुसार शोरूम के कर्मचारी मुकेश कुमार ने जब बदमाशों को झगड़ा करने से रोका तो वे भड़क उठे। आरोप है कि बदमाशों ने मुकेश कुमार पर लोहे की रॉड और पिस्टल के बट से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में मुकेश गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हंगामा सुनकर जब शोरूम संचालक रविरंजन कुमार बाहर आए और स्थिति को शांत कराने की कोशिश की, तो बदमाशों ने उन्हें भी नहीं बख्शा। आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की, जिससे वे भी घायल हो गए। स्थानीय लोगों की भीड़ जुटने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

यह भी पढ़ें: 10 से 14 मार्च तक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा, 10 जिलों का करेंगे दौरा

घटना के बाद दोनों घायलों ने टाउन थाना पहुंचकर लिखित आवेदन दिया है। शिकायत में 6 नामजद और 5 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। नामजद आरोपियों में हसनगंज निवासी रोहित कुमार उर्फ कालिया, विजय कुमार, पंकज कुमार, त्रिलोकी यादव, राहुल कुमार और चांदी वृंदावन गांव निवासी नीरज कुमार का नाम शामिल है। पीड़ितों ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने मारपीट के दौरान गले से सोने की चेन छीन ली और जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।


Scan and join

darsh news whats app qr