होली मिलन में हिंसा का हाई वोल्टेज ड्रामा, CCTV में कैद पूरी वारदात
नालंदा में होली मिलन समारोह के दौरान उस वक्त माहौल बेकाबू हो गया, जब निजी वॉटर पार्क में आयोजित कार्यक्रम में फ्री एंट्री को लेकर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। देखते ही देखते कहासुनी पथराव में बदली और फिर दर्जनों राउंड फायरिंग से पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मिली जानकारी के मुताबिक, कार्यक्रम में भोजपुरी गायक रौशन रोही भी मौजूद थे। बवाल बढ़ने के बाद पुलिस ने मौके से विदेशी रायफल, निजी सुरक्षा कर्मी और कई लग्जरी गाड़ियों को जब्त कर लिया है। इस मामले में अब तक 33 नामजद समेत 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि कुछ अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है।
यह भी पढ़ें: होली से पहले मोतिहारी में सख्ती, छापेमारी में शराब पार्टी का पर्दाफाश
बताया जा रहा है कि स्थानीय नकटपुरा गांव के कुछ लोगों ने कार्यक्रम में मुफ्त प्रवेश की मांग की थी। इसी बात को लेकर आयोजकों और ग्रामीणों के बीच तनाव बढ़ा और फिर हालात बिगड़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पथराव के बाद अचानक फायरिंग शुरू हो गई, जिससे वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। इस गोलीबारी में 16 वर्षीय एक किशोर को गोली लग गई, जिसे गंभीर हालत में पटना रेफर किया गया। फिलहाल उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। वहीं एक पत्रकार और बाउंसर के चालक भी मारपीट में घायल हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने घटनास्थल से सीसीटीवी फुटेज जब्त कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो फुटेज और वायरल क्लिप के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। फिलहाल कई ठिकानों पर छापेमारी जारी है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।