हत्या के प्रयास के आरोप में IG पर शिकंजा, आंध्र पुलिस ने किया गिरफ्तार
पटना से बड़ी खबर सामने आई है। बिहार होमगार्ड एवं फायर सर्विसेज में तैनात आईजी स्तर के अधिकारी एम. सुनील नायक को आंध्र प्रदेश पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच पटना सिविल कोर्ट ले जाया जा रहा है, जहां आंध्र प्रदेश पुलिस ट्रांजिट रिमांड की अर्जी दाखिल करेगी।
सोमवार सुबह आंध्र प्रदेश पुलिस की एक विशेष टीम शास्त्री नगर थाना क्षेत्र स्थित उनके सरकारी आवास पर पहुंची। टीम ने स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में घर के भीतर तलाशी ली। आवास के बाहर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया था। गिरफ्तारी की खबर फैलते ही होमगार्ड के कई जवान भी मौके पर पहुंच गए। जवानों का कहना था कि गिरफ्तारी की प्रक्रिया में नियमों का पूरी तरह पालन नहीं किया गया।
यह भी पढ़ें : शराबबंदी पर संग्राम! “सब फेल है” — विपक्ष ने खोला मोर्चा
एम. सुनील नायक के खिलाफ आईपीसी की धारा 307 (हत्या के प्रयास) के तहत मामला दर्ज है। यह केस वर्ष 2021 की एक घटना से जुड़ा है। उस समय वे केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर आंध्र प्रदेश में सीआईडी में पदस्थापित थे। मामला नरसापुरम से पूर्व सांसद रहे के. रघुराम कृष्णा राजू से संबंधित है, जो वर्तमान में आंध्र प्रदेश विधानसभा में डिप्टी स्पीकर हैं। आरोप है कि 2021 में पूर्व सांसद की गिरफ्तारी के दौरान हिरासत में उनके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की कोशिश की गई। पूर्व सांसद ने इसे राजनीतिक प्रतिशोध बताया था। इसी प्रकरण में सुनील नायक समेत अन्य अधिकारियों के खिलाफ केस दर्ज हुआ।
यह भी पढ़ें: फोरलेन पर मौत का कहर! अनियंत्रित एम्बुलेंस बनी काल, चालक समेत दो की मौत
अब पटना सिविल कोर्ट में पेशी के बाद यदि ट्रांजिट रिमांड मंजूर होती है तो आंध्र प्रदेश पुलिस उन्हें अपने साथ राज्य ले जाएगी। इस घटनाक्रम से बिहार और आंध्र प्रदेश के प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।