darsh news

जद(यू0) ने किया नारी शक्ति एवं कर्पूरी रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना

Jdu on jagtukta abhiyan

रविवार को जनता दल (यू0) प्रदेश कार्यालय, पटना से नारी शक्ति रथ एवं कर्पूरी रथ को पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा एवं प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नारी शक्ति रथ महिला प्रकोष्ठ की प्रभारी सह पूर्व मंत्री रंजू गीता एवं महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष सह प्रवक्ता डाॅ0 भारती मेहता और कर्पूरी रथ पूर्व सांसद सह अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी के नेतृत्व में रवाना की गई। इस दौरान राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वर्ष 2006 के बाद आधी आबादी को पंचायती राज एवं नगर निकायों में 50 फीसदी और राज्य सरकार की सरकारी नौकरियों में 35 फीसदी आरक्षण का प्रावधान किया। साथ ही बहन-बेटियों को उच्च शिक्षा प्रदान करने की दिशा में भी कई कदम उठायें गए हैं। आगे उन्होंने कहा कि राजनीतिक भागीदारी को सुनिश्चित करने के लिए नीतीश सरकार के द्वारा दलितों एवं अतिपिछड़ो को पंचायती राज एवं नगर निकायों में आरक्षण की सुविधा सुनिश्चित की गई है । साथ ही श्री संजय झा ने कहा कि इन तमाम कार्यों को लेकर नारी शक्ति रथ एवं कर्पूरी रथ गांव-गांव में मतदाताओं को जागरूक करेगा। प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि नारी शक्ति रथ एवं कर्पूरी रथ नीतीश सरकार की उपलब्धियों के व्यापक प्रचार-प्रसार का कारगर माध्यम बनेगा। हमारे नेता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर के आदर्शों को अपने आचार, विचार और व्यवहार में उतारा है। कई बार केंद्र में मंत्री रहे और 19 सालों से बिहार के मुख्यमंत्री हैं लेकिन उनके दामन पर भ्रष्टाचार का एक भी दाग नहीं है। आगे उन्होंने कहा कि न्याय के साथ विकास की रफ्तार को और तेज करने के लिए बिहार में फिर श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनाना है और इस मिशन में हमारे सभी प्रकोष्ठ और पूरी पार्टी ताकत के साथ लग गई है। उक्त मौके पर बिहार सरकार के मंत्री मदन सहनी, विधानपार्षद सह कोषाध्यक्ष ललन कुमार सर्राफ, विधानपार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, पूर्व मंत्री सह राष्ट्रीय महासचिव श्याम रजक, राष्ट्रीय महासचिव हर्षवर्धन सिंह सहित कई नेतागण व कार्यकर्ता शामिल रहे।




                        

Scan and join

darsh news whats app qr