darsh news

राजगीर की धरती पर कैलाश खेर का धमाका! सूफ़ी नाइट में उमड़ा जनसैलाब

Kailash Kher's performance in Rajgir brings a huge crowd to

नालंदा के प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल राजगीर में शुरू हुए तीन दिवसीय राजगीर महोत्सव के पहले ही दिन सूफ़ी और बॉलीवुड गायक पद्म श्री कैलाश खेर ने अपनी दमदार प्रस्तुति से माहौल को संगीत रंग में भर दिया। हज़ारों की संख्या में जुटे दर्शकों ने उनके मंच पर पहुंचते ही तालियों और उत्साह के साथ स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान कैलाश खेर ने मंच से बिहार सरकार और नालंदा की ऐतिहासिक धरोहर की सराहना की। उन्होंने कहा कि जब दुनिया के कई हिस्सों में विश्वविद्यालय की कल्पना तक नहीं थी, तब नालंदा ज्ञान की राजधानी था। उन्होंने बताया कि कुछ साल पहले पटना से राजगीर पहुंचने में उन्हें 5 घंटे लगे थे, जबकि इस बार साढ़े तीन घंटे में ही पहुंच गए। उनके अनुसार बिहार लगातार प्रगति के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।

कैलाश खेर ने राजगीर को साधु–संतों और बुद्धिजीवियों की नगरी बताते हुए इसे नमन भी किया। उन्होंने कई लोकप्रिय सूफ़ी गीतों को अपनी आवाज़ दी, जिससे दर्शक झूम उठे। स्टेज के नीचे डांस कर रहीं कुछ लड़कियों को उन्होंने मंच पर बुलाया और उनके साथ डांस कर ग्रुप फोटो भी क्लिक कराया। उन्होंने यह फोटो इंस्टाग्राम पर पोस्ट करने का वादा भी किया। कार्यक्रम के अंत में जिला प्रशासन ने कैलाश खेर को सम्मानित किया। साथ ही एक प्रशंसक ने अपने हाथ से बनाई कैलाश खेर की पेंटिंग उन्हें भेंट की। महोत्सव के दूसरे दिन इंडियन आइडल फेम सलमान अली अपनी प्रस्तुति देंगे। कड़ाके की ठंड के बावजूद दूर-दूर से लोग कार्यक्रम का आनंद लेने पहुंचे। जिला प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं के कड़े इंतज़ाम किए हैं।

Scan and join

darsh news whats app qr