शराबबंदी की पोल! कांग्रेस दफ्तर के बाहर शराब के रैपर, सांसद ने उठाए गंभीर सवाल
कैमूर: कैमूर जिले के भभुआ शहर स्थित कांग्रेस जिला पार्टी कार्यालय के बाहर शराब के कई रैपर मिलने से राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। यह मामला उस समय सामने आया, जब कांग्रेस अपने 140वें स्थापना दिवस का आयोजन कर रही थी। कार्यक्रम के दौरान सासाराम संसदीय क्षेत्र के सांसद मनोज राम भभुआ पहुंचे थे। उन्होंने इस घटना को कांग्रेस पार्टी और उसके कार्यकर्ताओं को बदनाम करने की साजिश बताया। सांसद मनोज राम ने कहा कि बिहार में शराबबंदी कानून लागू है, लेकिन इसके बावजूद खुलेआम शराब मिलना और पार्टी कार्यालय के बाहर रैपर मिलना सरकार की नाकामी को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल जानबूझकर कांग्रेस की छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। सांसद ने कहा कि शराबबंदी वाले राज्य में पुलिसकर्मियों के शराब पीते पकड़े जाने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जो सरकार की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।
यह भी पढ़ें: 15 लड़कियों की जिंदगी बचे, 3 दलालों की गिरफ्तार के पीछे का राज़…
उन्होंने आगे कहा कि बिहार में सिर्फ शराबबंदी ही नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार भी चरम पर है। रोहतास में रोपवे का टूटना और पुलों का गिरना इस बात का प्रमाण है कि सरकार विकास के नाम पर सिर्फ घोटाले कर रही है। सांसद ने कहा कि यह सरकार भ्रष्टाचार की प्रतीक बन चुकी है। इससे पहले भभुआ शहर के शहीद भवन स्थित कांग्रेस जिला कार्यालय में पार्टी का 140वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। कांग्रेस जिला अध्यक्ष राधेश्याम कुशवाहा ने पार्टी का ध्वज फहराया। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस मौके पर सांसद मनोज राम ने कहा कि राहुल गांधी के निर्देशों के अनुसार संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए कांग्रेस लगातार संघर्ष कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि आज देश में संविधान की मर्यादाओं को तोड़ा जा रहा है और लोकतंत्र खतरे में है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा गरीबों, वंचितों और पिछड़ों की आवाज बनकर लड़ती रही है और आगे भी इसी विचारधारा पर चलती रहेगी।
यह भी पढ़ें: अदानी को पहाड़ सौंपने का आरोप, बुद्ध स्मृति पार्क में भाकपा माले का हंगामा