darsh news

नवादा में मर्डर मिस्ट्री : जंगल से मिला बेटे का शव, सास ने बहू पर लगाया आरोप, पूरा मामला जानने के लिए खबर पढ़ें

Murder mystery in Nawada

नवादा जिले के सीतामढ़ी थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। यह शव रसलपुरा गांव के पास स्थित लवकुश जंगल से बरामद किया गया। सूचना मिलते ही आसपास के गांवों के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और पुलिस को इसकी जानकारी दी गई। मृतक की पहचान गांधी नगर गांव निवासी स्वर्गीय जाहुरी यादव के 35 वर्षीय पुत्र मुन्ना यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मुन्ना शनिवार दोपहर करीब एक बजे घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार सुबह जब ग्रामीण शौच के लिए जंगल की ओर गए तो उन्हें वहां एक शव पड़ा दिखाई दिया। इसके बाद उन्होंने शोर मचाया और गांव के अन्य लोगों को बुलाया।

घटना की सूचना मिलते ही सीतामढ़ी थाना अध्यक्ष पप्पू शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मृतक के गले पर काले निशान पाए गए हैं और मुंह से झाग भी निकल रहा था। ऐसे में गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।

यह भी पढ़ें: वैशाली में अवैध हथियार के साथ गिरफ्तारी: STF की छापेमारी में महिला समेत चार पकड़े गए

मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और वहां से जरूरी साक्ष्य जुटाए। टीम ने कई नमूने भी जांच के लिए एकत्र किए हैं। मुन्ना यादव का शव मिलने के बाद परिवार में मातम का माहौल है। उनकी वृद्ध मां लक्ष्मिनियां देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने अपनी बहू राखी देवी पर बेटे की हत्या कराने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था।

यह भी पढ़ें: समृद्धि नहीं, विदाई यात्रा कहिए चाचा जी” — रोहिणी आचार्य का नीतीश कुमार पर तीखा तंज

ग्रामीणों के बीच यह भी चर्चा है कि मृतक की पत्नी का किसी व्यक्ति से अवैध संबंध था और इसी वजह से मुन्ना इसका विरोध करता था। आशंका जताई जा रही है कि इसी कारण उसकी हत्या की गई और शव को जंगल में फेंक दिया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। थानाध्यक्ष पप्पू शर्मा ने बताया कि परिजनों की ओर से अभी तक लिखित आवेदन नहीं मिला है। आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


Scan and join

darsh news whats app qr