darsh news

पटना में बड़ी कार्रवाई: अवैध गैस भंडारण पर छापा, 100+ सिलेंडर बरामद

Raid on illegal gas storage

पटना में गैस सिलेंडरों की जमाखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। दानापुर अनुमंडल प्रशासन की टीम ने शाहपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर अवैध रूप से जमा किए गए 100 से अधिक गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। प्रशासन का कहना है कि सिलेंडरों को ब्लैक में ऊंचे दाम पर बेचने की तैयारी की जा रही थी।मिली जानकारी के अनुसार, वरीय अधिकारियों के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। दानापुर के सहायक आपूर्ति पदाधिकारी (एडीएसओ) तेज प्रताप के नेतृत्व में टीम ने शाहपुर थाना अंतर्गत वार्ड संख्या-6 में छापेमारी की।

अधिकारियों को पहले से सूचना मिली थी कि कुछ लोग अवैध रूप से घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडरों का भंडारण कर रहे हैं।जब प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची तो वहां बड़ी संख्या में सिलेंडर पाए गए। जांच के दौरान 100 से अधिक गैस सिलेंडर जब्त किए गए, जिनमें घरेलू उपयोग के साथ-साथ व्यावसायिक सिलेंडर भी शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि इन सिलेंडरों को जमाखोरी कर बाजार में ब्लैक में ऊंची कीमत पर बेचने की योजना बनाई जा रही थी।

इस कार्रवाई में बिहटा, मनेर और नौबतपुर के आपूर्ति विभाग के अधिकारी भी शामिल थे। जब्त किए गए सिलेंडरों की गिनती और दस्तावेजों की जांच की जा रही है। साथ ही इस मामले में संलिप्त लोगों की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। इधर, फुलवारी शरीफ में भी गैस एजेंसियों की जांच के दौरान प्रशासन ने एक एजेंसी को सील कर दिया। निरीक्षण के समय एजेंसी संचालक कार्यालय में मौजूद नहीं पाए गए, जिसके बाद जिला प्रशासन के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी ने वितरण कार्यालय को तत्काल प्रभाव से सील करने का आदेश दिया। हालांकि देर रात आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद एजेंसी को अनसील कर दिया गया।

यह भी पढ़ें: राशिफल 13 मार्च: इन राशियों के लिए खुशखबरी, खर्च और स्वास्थ्य पर रखें ध्यान

अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि गैस सिलेंडर की जमाखोरी और कालाबाजारी को लेकर प्रशासन गंभीर है। आने वाले दिनों में इस तरह के अवैध भंडारण और गड़बड़ियों के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा।


Scan and join

darsh news whats app qr