अनंत सिंह के क्षेत्र मोकामा में STF का शिकंजा, लूटकांड का मास्टरमाइंड गिरफ्तार
पटना जिले के मोकामा से पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी चंदन यादव को संयुक्त पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिसके बाद इलाके में हलचल तेज हो गई है। मिली जानकारी के अनुसार, 31 अक्टूबर 2023 को मोकामा थाना क्षेत्र के एनएच-31 पर गुड़ से लदे एक पिकअप वाहन की दिनदहाड़े लूट हुई थी। अपराधियों ने चालक को हथियार के बल पर डराकर वाहन लूट लिया और मौके से फरार हो गए थे। इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन मुख्य आरोपी चंदन यादव लगातार फरार चल रहा था।
यह भी पढ़ें: जहानाबाद में फिर हुई एक घटना! आधार बनवाने निकलीं दो बहनें… अचानक हुईं गायब! पूरी खबर पढ़ें
चंदन यादव, मोकामा विधानसभा क्षेत्र के ताड़ताड़ गांव का निवासी है और उस पर कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज बताए जाते हैं। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार के मुताबिक, फतुहा में मोकामा थाना पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने विशेष अभियान चलाकर आरोपी को धर दबोचा। बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था।
यह भी पढ़ें: लिखित परीक्षा में सॉल्वर और शारीरिक परीक्षा में खुद पहुंचे अभ्यर्थी, अब तक तीन दर्जन से अधिक गिरफ्तार...
पुलिस फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मोकामा और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।