राजधानी पटना में पुलिस पस्त - बदमाश मस्त, सरेआम दिनदहाड़े दुकान में तोड़फोड़ और...
पटना: बिहार की सरकार और पुलिस एक तरफ अपराध नियंत्रण के दावे कर रही है तो दूसरी तरफ अपराधी इस तरह बेखौफ हो गए हैं कि अब राजधानी में भी दिनदहाड़े अपराधिक घटना अंजाम देने से बाज नहीं आ रहे हैं। ताजा मामला राजधानी पटना के सबसे पॉश इलाका बोरिंग रोड की है जहां कार से आए बदमाशों ने एक दुकान में तोड़फोड़ की। तोड़फोड़ की पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई वहीं दुकान संचालिका ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाते हुए लूटपाट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
घटना राजधानी पटना के बोरिंग रोड स्थित जमुना अपार्टमेंट के समीप की है जहां कार सवार बदमाशों ने एक कॉस्मेटिक दुकान में तोड़फोड़ की। घटना के संबंध में दुकान की संचालिका मीरा कुमारी ने तीन लोगों पर तोड़फोड़ का आरोप लगाया और जानमाल के नुकसान की आशंका भी जाहिर की। महिला ने पुलिस में किए शिकायत में कहा है कि मेरे दुकान के मालिक अनूप कुमार और वीणा भाटिया नाम की एक महिला के बीच कुछ विवाद कोर्ट में चल रहा है। इसी विवाद की वजह से ये लोग मुझे परेशान कर रहे हैं और शुक्रवार की सुबह मेरे दुकान में तोड़फोड़ की और करीब 3 लाख रुपए का नुकसान कर दिया। घटना की सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और छानबीन की।
शिकायतकर्ता महिला दुकान संचालिका ने कहा कि डायल 112 की टीम के जाने के बाद आरोपी दुबारा दुकान पर पहुंचे और मुझे दुकान से घसीट कर बाहर निकाला और मेरे साथ बेरहमी से मारपीट की। इस दौरान आरोपियों ने धमकी दी कि तुम्हे और तुम्हारे दुकान मालिक को जिंदा जला देंगें। महिला दुकान संचालिका ने पुलिस को दिए अपने शिकायत में जानमाल की रक्षा की गुहार लगाई है। वहीं मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर सभी आरोपियों के विरुद्ध FIR दर्ज कर लिया और छानबीन में जुट गई। पुलिस आसपास की सीसीटीवी फुटेज को खंगाल कर साक्ष्य भी इकट्ठा कर रही है।