होली से पहले मोतिहारी में सख्ती, छापेमारी में शराब पार्टी का पर्दाफाश
मोतिहारी शहर में देर रात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बंद कमरे में चल रही शराब पार्टी का खुलासा किया। मामला नगर थाना क्षेत्र के मिसकॉर्ट मोहल्ला का है, जहां गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एक मकान में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मौके से सात युवकों को गिरफ्तार किया गया। मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि मोहल्ले के एक घर में कुछ युवक चोरी-छिपे शराब पार्टी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही नगर थाना की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर दबिश दी। पुलिस के पहुंचते ही कमरे के अंदर मौजूद युवकों में हड़कंप मच गया। कुछ ने भागने की कोशिश भी की, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया।
छापेमारी के दौरान कमरे से शराब की बोतलें और पार्टी से जुड़े अन्य सामान बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार युवकों को थाना लाकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि शराब उपलब्ध कराने वाले एक व्यक्ति की पहचान कर ली गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। नगर थाना पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान तेज कर दिया गया है। होली के मद्देनजर विशेष सतर्कता बरती जा रही है, ताकि किसी भी तरह की गैरकानूनी गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
यह भी पढ़ें: दैनिक राशिफल: आर्थिक लाभ या बढ़ेगा खर्च? जानिए आज की भविष्यवाणी
पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।