12 जीत के बाद थमा Team India का विजय रथ! Super-8 में South Africa से करारी हार
डिफेंडिंग चैंपियन भारत का विजय रथ आखिरकार थम गया। टी-20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 चरण में साउथ अफ्रीका ने टीम इंडिया को 76 रन से हराकर टूर्नामेंट में बड़ा उलटफेर कर दिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारत की लगातार 12 मैचों की जीत का सिलसिला टूट गया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीका ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 187 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से डेविड मिलर ने 35 गेंदों पर 63 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जबकि डेवाल्ड ब्रेविस ने 45 रन जोड़े। ट्रिस्टन स्टब्स ने महज 24 गेंदों पर नाबाद 44 रन बनाकर पारी को शानदार फिनिश दिया। भारत के लिए जसप्रीत बुमराह ने 3 और अर्शदीप सिंह ने 2 विकेट हासिल किए।

188 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे और पूरी टीम 18.5 ओवर में 111 रन पर सिमट गई। शिवम दुबे ने सर्वाधिक 42 रन बनाए, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से पर्याप्त साथ नहीं मिला। साउथ अफ्रीका के मार्को यानसन ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके। केशव महाराज ने 3 विकेट लेकर भारतीय मध्यक्रम की कमर तोड़ दी।
इस हार के साथ सुपर-8 की जंग और रोमांचक हो गई है। अब भारत को सेमीफाइनल की राह आसान बनाने के लिए अगले मुकाबलों में हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी।