राजधानी पटना में चोरों का आतंक, कंकड़बाग की पीसी कॉलोनी में 3 फ्लैटों के टूटे ताले
राजधानी Patna में एक बार फिर चोरों का आतंक देखने को मिला है। शहर के पॉश इलाके Kankarbagh की पीसी कॉलोनी में बंद फ्लैटों को निशाना बनाकर चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। जानकारी के मुताबिक, पीसी कॉलोनी में स्थित रिटायर्ड कर्नल जनार्दन सिंह के मकान में बने तीन बंद फ्लैटों को चोरों ने खंगाल दिया। बताया जा रहा है कि मकान में रहने वाले लोग होली के मौके पर गांव गए हुए थे। जब वे त्योहार मनाकर वापस लौटे तो घर का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो लॉकर खुले पड़े थे और घर का सामान बिखरा हुआ था।
यह भी पढ़ें: श्राद्ध भोज में चली गोली! बाढ़ में दिनदहाड़े युवक पर फायरिंग, इलाके में मचा हड़कंप
चोरों ने घर में रखे शादी के सोने-चांदी के गहने, कीमती सामान और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। फिलहाल चोरी गई संपत्ति की सही कीमत का आकलन किया जा रहा है, लेकिन शुरुआती जानकारी के अनुसार लाखों रुपये के सामान की चोरी होने की आशंका जताई जा रही है। घर में लगे CCTV कैमरे में तीन चोर चोरी करते हुए दिखे हैं , उनकी तस्वीर कैमरे में कैद हो गई है।
यह भी पढ़ें: जदयू में हलचल के बीच शाम 5 बजे बड़ी बैठक, मंत्री श्रवण कुमार बोले– उसी में होगा बड़ा फैसला
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके। साथ ही आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में हाल के दिनों में चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं, जिससे लोगों में डर का माहौल है। फिलहाल पुलिस जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है और मामले की छानबीन जारी है।