darsh news

अचानक क्यों कांप उठा पूरा बिहार? 38 जिलों में कोल्ड-डे का अलर्ट

Why did Bihar suddenly shiver? Cold-day alert issued in 38 d

पटना: जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में हो रही लगातार बर्फबारी का सीधा असर अब बिहार के मौसम पर दिखने लगा है। राज्य के लगभग सभी जिलों में कंप-कंपा देने वाली ठंड पड़ रही है। मधुबनी को छोड़कर 37 जिलों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। मौसम विभाग ने गुरुवार को पूरे बिहार में कोहरे और कोल्ड-डे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

पिछले 24 घंटे में शेखपुरा, छपरा, किशनगंज और गया जी में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। वहीं भागलपुर 4.4 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे ठंडा जिला रिकॉर्ड किया गया। समस्तीपुर का न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री रहा। राजधानी पटना में न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि कई इलाकों में ओस की बारिश भी देखी गई।

यह भी पढ़ें: आज का दिन किसका खास? सौभाग्य योग से 5 राशियों पर होगी कृपा

घने कोहरे का असर जनजीवन के साथ-साथ यातायात पर भी पड़ा है। पटना में सुबह के समय विजिबिलिटी घटकर मात्र 50 मीटर रह गई। कोहरे के कारण बुधवार को पटना एयरपोर्ट से इंडिगो की 5 जोड़ी फ्लाइट रद्द करनी पड़ी, जबकि 22 जोड़ी फ्लाइटें देरी से चलीं। पिछले 15 दिनों में घने कोहरे की वजह से 84 विमान रद्द हो चुके हैं और 322 फ्लाइटें लेट या डायवर्ट हुई हैं। रेल यातायात भी प्रभावित रहा। बुधवार को सात ट्रेनें विलंब से पटना पहुंचीं। पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस 1 घंटे 37 मिनट लेट रही, जबकि फरक्का एक्सप्रेस, मगध एक्सप्रेस और ब्रह्मपुत्र मेल 3 से 4 घंटे की देरी से पहुंचीं। पटना-रांची जनशताब्दी एक्सप्रेस को परिचालन कारणों से रद्द कर दिया गया।

यह भी पढ़ें: खाकी बेबस, दबंग बेखौफ! मोतिहारी से सामने आया चौंकाने वाला वीडियो

मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी के कारण ठंडी पछुआ हवा बिहार तक पहुंच रही है। इसी वजह से न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। अगले 3 से 4 दिनों तक ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं है। कई जिलों में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चल सकती हैं, जिससे कनकनी और बढ़ेगी। मौसम विभाग ने बुजुर्गों, छोटे बच्चों और पहले से बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। खुले इलाकों, खेतों और हाईवे पर ठंड का असर अधिक रहेगा। राजधानी पटना में भी सुबह और रात के समय घना कोहरा छाए रहने और कोल्ड-डे जैसी स्थिति बने रहने की संभावना है।


Scan and join

darsh news whats app qr