वंडर बॉय वैभव सूर्यवंशी ने रच दिया एक और इतिहास, कोलकाता के ईडन गार्डन में..
पटना: सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मंगलवार का दिन बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के लिए बेहद खास रहा, जब महज़ लगभग 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने घरेलू क्रिकेट में अपना पहला शतक लगाते हुए इतिहास का नया अध्याय लिख दिया। बिहार की ओर से खेलते हुए महाराष्ट्र के खिलाफ कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन में वैभव ने न केवल प्रभावी बल्लेबाज़ी की, बल्कि पूरे आत्मविश्वास के साथ 7 चौके 7 छक्का लगाकर नाबाद 108 रनों की पारी से बिहार का मान बढ़ाया है।
58 गेंदों पर पूरा किया गया यह शतक तब और भी खास बन गया, जब वैभव सूर्यवंशी ने अर्शिन कुलकर्णी की गेंद पर शानदार छक्का लगाकर अपने शतक की मुहर लगाई। 61 गेंदों पर नाबाद 108 रनों की उनकी यह पारी 7 चौकों और 7 छक्कों से सजी हुई थी, जिसने बिहार की पारी को एक मजबूत आधार दिया। आयुष लोहारुका के साथ चौथे विकेट के लिए 75 रनों की उपयोगी साझेदारी ने टीम की रन गति को लगातार आगे बढ़ाया। बिहार ने निर्धारित 20 ओवर में 176 रन बनाए, जिसमें वैभव की पारी सबसे बड़ा आकर्षण रही।
वैभव सूर्यवंशी का यह प्रदर्शन इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि पिछले कुछ दिनों से उनका फॉर्म चर्चा में था, लेकिन इस शतक ने स्पष्ट कर दिया कि वैभव अपने खेल में और निखार के साथ मैदान पर लौट आए हैं। अब वैभव 12 दिसंबर से दुबई में होने वाले अंडर-19 एशिया कप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे, और यह शतक उनके आत्मविश्वास को नई दिशा देने वाला है।
बिहार क्रिकेट संघ के अध्यक्ष हर्षवर्धन ने दी शुभकामनाएँ
बिहार क्रिकेट संघ के अध्यक्ष हर्षवर्धन ने वैभव की इस उपलब्धि पर शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि वैभव सूर्यवंशी जिस तरह लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं, वह बिहार क्रिकेट के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। इतनी कम उम्र में इस प्रकार का आत्मविश्वास और अनुशासित खेल देखना बेहद अच्छा लगता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि वैभव आने वाले प्रतियोगिताओं में भी इसी तरह उपयोगी प्रदर्शन करते रहेंगे और देश-प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
इसके साथ ही वैभव सूर्यवंशी ने अपने नाम कई बड़े रिकॉर्ड जोड़ लिए हैं। आईपीएल में शतक लगाने के बाद एशिया कप राइजिंग स्टार्स में 144 रनों की प्रभावी पारी और अब घरेलू क्रिकेट में शतक—इन उपलब्धियों ने उन्हें सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाले खिलाड़ियों की सूची के शीर्ष पर पहुँचा दिया है। इतने कम उम्र में अब तक के इतिहास में किसी ने SMAT में शतक नहीं लगाया है। वैभव का यह निरंतर प्रदर्शन बिहार क्रिकेट के भविष्य को मजबूती से आगे बढ़ाने वाला है।
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (SMAT) में सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाले खिलाड़ी
- वैभव सूर्यवंशी - बिहार टीम - 108* रन, 61 गेंद - उम्र :14 साल, 250 दिन - महाराष्ट्र के खिलाफ - कोलकाता ईडन गार्डन मैदान पर - 2 दिसंबर 2025
- विजय जोल - महाराष्ट्र टीम - 109 रन , 63 गेंद - उम्र : 18 साल, 118 दिन - मुंबई के खिलाफ - अहमदाबाद का मैदान - 21 मार्च 2013
- आयुष म्हात्रे- मुंबई टीम - 110* रन , 53 गेंद - उम्र 18 साल, 135 दिन- विदर्भ के खिलाफ - लखनऊ का मैदान - 28 नवंबर 2025
- आयुष म्हात्रे- मुंबई टीम - 104* रन, 59 गेंद - उम्र 18 साल, 137 दिन- आंध्र प्रदेश के खिलाफ - लखनऊ का मैदान - 30 नवंबर 2025
- शेख रशीद - आंध्र प्रदेश टीम - 100* रन , 54 गेंद - उम्र 19 साल, 25 दिन- अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ - रांची का मैदान - 19 अक्टूबर 2023