darsh news

थूक चटवाने से नवजात की मौत तक: मोकामा की महिला ने खोले पति की हैवानियत के राज

A woman from Mokama revealed the secrets of her husband's br

बिहार राज्य महिला आयोग में मोकामा थाना क्षेत्र से जुड़ा एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने घरेलू हिंसा और महिला उत्पीड़न की भयावह सच्चाई को उजागर कर दिया है। एक पीड़ित महिला ने अपने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया है कि उसे लगातार प्रताड़ित किया गया, उससे जबरन थूक चटवाया गया, बेरहमी से पीटा गया और इसी मारपीट के दौरान उसका 10 दिन का नवजात बच्चा गंभीर रूप से घायल होकर कोमा में चला गया, बाद में जिसकी मौत हो गई।

शादी के 10 दिन बाद खुला ड्रग्स लेने का सच

पीड़िता के अनुसार, उसकी शादी 13 दिसंबर 2021 को कुमार गौरव से हुई थी। शादी के महज 10 दिन बाद ही उसे पता चला कि उसका पति ड्रग्स लेता है। उसने अपने पति को सफेद पाउडर नाक से खींचते हुए देखा। जब उसने इसका विरोध किया तो पति ने मारपीट शुरू कर दी। महिला का आरोप है कि पति ने साफ शब्दों में कहा कि वह उसे सिर्फ बच्चा पैदा करने और घर का काम करने के लिए लाया है। सास-ससुर भी हमेशा बेटे का ही पक्ष लेते रहे।


प्रताड़ना का सिलसिला और पहले बेटे का जन्म

महिला ने बताया कि 2023 में उसने एक बेटे को जन्म दिया। उसे उम्मीद थी कि हालात सुधरेंगे, लेकिन हिंसा और धमकियों का दौर और बढ़ गया। पिता ने शादी में चार बीघा जमीन बेच दी थी और बैंक बैलेंस भी खत्म हो गया था, इसी वजह से वह अपमान और डर के बावजूद ससुराल में ही रही। महिला का आरोप है कि विरोध करने पर उससे थूक चटवाया गया, तार से गला दबाया गया, कपड़े फाड़कर सड़क पर पीटा गया और जब वह थाने पहुंची तो उसका फोन छीन लिया गया।


10 दिन के नवजात की मौत का आरोप

पीड़िता ने बताया कि 4 मई 2025 को उसने दूसरे बेटे को जन्म दिया। इसके 10 दिन बाद पति की मारपीट के दौरान बच्चे के सिर में चोट लगी और वह कोमा में चला गया। पति ने इलाज कराने के बजाय उसे मायके भेज दिया। मायके वालों ने अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन बच्चे की जान नहीं बच सकी। आरोप है कि पति और ससुराल का कोई भी सदस्य न तो बच्चे को देखने आया और न ही अंतिम संस्कार में शामिल हुआ।


अवैध संबंधों के आरोप

महिला ने पति पर कई लड़कियों से अवैध संबंध होने का आरोप लगाया है। उसने बताया कि पति को एक होटल में दूसरी महिला के साथ देखा गया, जहां सीसीटीवी फुटेज में दोनों साथ जाते हुए नजर आए। महिला का नाम सपना राजमणि बताया गया। पीड़िता का यह भी कहना है कि सपना उसकी बचपन की दोस्त है और दोनों के बीच अफेयर का वीडियो भी उसके पास मौजूद है।


बड़े बेटे को जबरन ले जाने का आरोप

पीड़िता ने कहा कि 29 मई 2025 को पति और ससुर उसके बड़े बेटे को जबरन अपने साथ ले गए और अब उसे उससे मिलने नहीं दिया जा रहा। उसे डर है कि बेटे के साथ भी अमानवीय व्यवहार किया जा सकता है।


महिला आयोग की कार्रवाई

बिहार राज्य महिला आयोग की सदस्य श्यामा सिंह ने बताया कि पति को चार बार समन भेजा गया, लेकिन वह एक बार भी आयोग के सामने उपस्थित नहीं हुआ। पीड़िता ने दो केस दर्ज कराए हैं—एक बच्चे की कस्टडी को लेकर और दूसरा प्रताड़ना के संबंध में। आयोग ने मोकामा एसपी को पत्र लिखकर 21 दिनों के भीतर प्रोग्रेस रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट आने के बाद मामले की अगली सुनवाई की तारीख तय की जाएगी।


Scan and join

darsh news whats app qr