चुनाव में हार के बाद अब कांग्रेस एक्शन में, पहले बागी नेताओं को दिखाया बाहर का रास्ता फिर जिलाध्यक्षों को पत्र लिख...
चुनाव में हार के बाद अब कांग्रेस एक्शन में, पहले बागी नेताओं को दिखाया बाहर का रास्ता फिर जिलाध्यक्षों को पत्र लिख...
पटना: बिहार विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद अब कांग्रेस जिलेवार समीक्षा करेगी। इस संबंध में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने सभी जिलाध्यक्षों को पत्र लिखा है। अपने पत्र में उन्होंने सभी जिलाध्यक्षों को निर्देश दिया है कि यथासंभव शीघ्र ही जिला कमिटी की बैठक बुला कर हार की समीक्षा करें और विस्तृत रिपोर्ट राज्य मुख्यालय को भेजें ताकि पार्टी सुधारात्मक कदम उठा सके। उन्होंने अपने पत्र में लिखा हिया कि चुनाव सिर्फ हार जीत के परिणाम के लिए नहीं बल्कि यह हमें बताता है कि हमें किन क्षेत्रों में सुधार की आवश्यकता है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने अपने पत्र में लिखा है कि आंकड़ों से स्पष्ट होता है कि पार्टी का प्रदर्शन अपेक्षित नहीं रहा जो संगठन और कार्यकर्ताओं के लिए चिंता का विषय है। सभी जिलाध्यक्षों को समीक्षा बैठक बुला कर चुनाव परिणाम के राजनीतिक, संगठनात्मक और क्षेत्रीय कारणों का निष्पक्ष एवं गहन विश्लेषण करें। बैठक में मतदान प्रतिशत, बूथ स्तर की गतिविधियां, संगठन की मजबूती, प्रचार प्रसार, स्थानीय मुद्दों एवं गठबंधन की स्थितियों पर तथ्यात्मक चर्चा करें।
यह भी पढ़ें - राज्यपाल ने विधानसभा के नए प्रोटेम स्पीकर को दिलाई शपथ, जानें कौन हैं नरेंद्र नारायण यादव....
बता दें कि इससे पहले प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति ने पार्टी विरोधी गतिविधि में शामिल 7 नेताओं को छः वर्षों के लिए प्राथमिक सदस्यता से निष्काषित कर दिया। पार्टी ने कांग्रेस सेवा दल के पूर्व उपाध्यक्ष आदित्य पासवान, प्रदेश कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष शकील उर रहमान, किसान कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राजकुमार शर्मा, प्रदेश युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राज कुमार राजन, अति पिछड़ा विभाग के पूर्व अध्यक्ष कुंदन गुप्ता, बांका जिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष कंचना कुमारी और नालंदा के रवि गोल्डन शामिल हैं।
बता दें कि कांग्रेस के कुछ नेताओं ने प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम और बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावारू पर टिकट बेचने का आरोप लगाया था। जिसके बाद पार्टी ने सभी को कारण बताओ नोटिस जारी किया। इस बीच सदाकत आश्रम स्थित कांग्रेस कार्यालय में बागी नेताओं ने हंगामा भी किया और प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम से इस्तीफा माँगा था।