पटना: राजधानी पटना के दानापुर इलाके में युवक को हथियार लहराना महंगा पड़ गया। पुलिस ने युवक को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जानकारी देते हुए दानापुर एएसपी शिवम धाकड़ ने बताया कि दानापुर इलाके के शाहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एक युवक का वीडियो पुलिस को मिली जिसमें युवक पिस्तौल और कारतूस के साथ बैठा है और आसपास मौजूद लोगों को कारतूस पिस्तौल में डाल कर फिर निकाल कर दिखा रहा है। प्राप्त वीडियो की पुष्टि करने के बाद युवक की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
एएसपी शिवम धाकड़ ने बताया कि गिरफ्तार युवक की पहचान शाहपुर थाना क्षेत्र के दियारा इलाके के मक़दसुदपुर निवासी उपेंद्र राय के रूप में की गई। युवक के पास से एक देशी कट्टा और दो कारतूस बरामद हुआ है। एएसपी ने कहा कि सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों या आपत्तिजनक गतिविधियों से जुड़े वीडियो साझा करने वालों पर पुलिस की कड़ी नजर है और ऐसे मामलों में सख्त कार्यवाही होगी और सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।