पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत मोकामा के कन्हाईपुर में आयोजित एक पूजा समारोह के दौरान स्थानीय राजनीति में हलचल तेज हो गई। समारोह में मोकामा विधायक अनंत सिंह के पहुंचते ही समर्थकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और फूल-मालाओं से अभिनंदन किया। लेकिन इस कार्यक्रम की सबसे खास बात एक बैनर रहा, जिसने राजनीतिक चर्चाओं को नई दिशा दे दी।
यह भी पढ़ें : पटना में गुप्त सूचना पर एक्शन—दरवाजा खुलते ही मिला ऐसा सामान, उड़ गए होश!
दरअसल, कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए बैनर में अनंत सिंह के साथ उनके पुत्र अंकित सिंह की तस्वीर भी प्रमुखता से दिखाई गई। इतना ही नहीं, बैनर पर “मोकामा की जनता की पुकार, अंकित बाबू” जैसे नारे लिखे गए थे, जिससे यह कयास तेज हो गए कि आने वाले चुनाव में अनंत सिंह की जगह उनके बेटे अंकित सिंह को मैदान में उतारा जा सकता है। इस घटनाक्रम के बाद इलाके में राजनीतिक चर्चाएं गरमा गई हैं। स्थानीय लोगों के बीच यह सवाल उठने लगा है कि क्या मोकामा की राजनीति में अब पीढ़ी परिवर्तन होने वाला है। हालांकि, इस पर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन बैनर और समर्थकों के रुझान ने संकेत जरूर दे दिए हैं।
यह भी पढ़ें : सोना-चांदी में आज बड़ी गिरावट, जानिए अचानक क्यों गिरे दाम, अब क्या होगा आगे?
कार्यक्रम के दौरान अनंत सिंह ने भी मीडिया से बातचीत में कई अहम बातें कहीं। उन्होंने कहा कि वे लंबे समय तक जेल में रहे हैं और अब जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझना चाहते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वे आगे भी लगातार लोगों के संपर्क में बने रहेंगे। इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री पद को लेकर भी बयान दिया और कहा कि निशांत कुमार इस जिम्मेदारी के लिए अच्छे विकल्प हो सकते हैं। अनंत सिंह के इस बयान के बाद राज्य की राजनीति में नई चर्चाओं ने जन्म ले लिया है।