बेगूसराय: बड़ी खबर बेगूसराय से है जहां दरभंगा में सोना लूट कांड मामले में छापेमारी करने गई पुलिस के द्वारा जांच के दौरान बम ब्लास्ट हुआ। बम ब्लास्ट में STF के जवान समेत कुल 5 पुलिसकर्मी जख्मी हो गए जिसमें दो को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। घटना बेगूसराय के नावकोठी थाना क्षेत्र के वृंदावन गांव की है जहां सोना लूट कांड में सर्च ऑपरेशन के दौरान अचानक एक देशी बम ब्लास्ट कर गया।
मिली जानकारी के अनुसार दरभंगा सोना लूट कांड में STF और स्थानीय पुलिस की टीम संयुक्त रूप से सर्च अभियान चला रही थी। इस दौरान एक संदिग्ध जगह पर खुदाई का काम चल रहा था इसी दौरान वहां जोरदार धमाका हुआ। धमाका में SI विपिन कुमार ओझा, SI गुड़िया कुमारी, STF के धर्मेंद्र कुमार, ज्ञानी कुमार और नगीना कुमार जख्मी हो गए। इनमे से दो पुलिसकर्मियों को अधिक चोट आई है। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल को घेर लिया और आसपास के इलाकों में सर्च अभियान तेज कर दी है। बम विस्फोट की साजिश का पता लगाने के लिए जांच एजेंसियां भी सक्रिय हो गई हैं। फ़िलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि बम वहां पहले से प्लांट किया गया था या किसी अन्य वजह से हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि दरभंगा लूट कांड में वृंदावन गांव का भी रहने वाला संदीप को पुलिस ने दो दिन पहले ही नॉएडा से गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर पुलिस वृंदावन गांव में छापेमारी के लिए पहुंची थी तभी यह घटना घटी।
यह भी पढ़ें - इस्तीफा से पहले नीतीश सरकार का बड़ा फैसला, सब सरकारी डॉक्टर यह नहीं कर सकेंगे
बता दें कि हथियारबंद अपराधियों ने दरभंगा के एक आभूषण दुकान में घुस कर वहां मौजूद लोगों को बंधक बना लिया और करीब 2 करोड़ रूपये से अधिक के आभूषण लूट लिए थे। इस मामले को लेकर पुलिस लगातार छानबीन कर रही है और बीते 4 अप्रैल को बेगूसराय के मंसूरचक में छापेमारी कर मुठभेड़ के बाद 6 अपराधियों को गिरफ्तार किया था। इस दौरान एक अपराधी गोली लगने से जख्मी भी हुआ था। वहीं इसके बाद पुलिस ने एक एक कर कुल 12 अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही लूटे गए आभूषणों में से पुलिस ने करीब 44 लाख रूपये के आभूषण बरामद भी कर लिया है।
मामले में दरभंगा के एसएसपी ने शुक्रवार को बताया था कि अपराधियों से पूछताछ में खुलासा हुआ है कि दलसिंहसराय जेल में बंद भोला सिंह ने लूट की साजिश रची थी और उसके निर्देशन में ही बड़ी लूटकांड को अंजाम दिया गया। बताया जा रहा है कि जेल में बंद भोला सिंह एक मामला में आजीवन कारावास की सजा भुगत रहा है।
यह भी पढ़ें - सीएम नीतीश से मुलाकात के बाद डिप्टी सीएम विजय सिन्हा पहुंचे लोकभवन, राज्यपाल के साथ क्या हुई बातें?