बिहार बोर्ड मैट्रिक परीक्षा 2026 के नतीजों में इस बार छात्राओं का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है। जमुई की पुष्पांजलि कुमारी और वैशाली की सबरीन प्रवीण ने 492 अंक (98.4%) हासिल कर संयुक्त रूप से पहला स्थान प्राप्त किया है। वहीं, बेगूसराय की नाहिद सुल्ताना 489 अंक (97.8%) के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। टॉप-10 में भी छात्राओं की मजबूत उपस्थिति ने एक बार फिर उनकी शैक्षणिक बढ़त को साबित किया है।

बिहार बोर्ड मैट्रिक परीक्षा 2026 के टॉपर लिस्ट

इस वर्ष बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) द्वारा आयोजित मैट्रिक परीक्षा में कुल 15,10,928 छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे, जिनमें 7,84,871 छात्राएं और 7,26,057 छात्र थे। इनमें से कुल 12,35,743 परीक्षार्थी सफल हुए हैं, जिससे इस साल का कुल पास प्रतिशत 81.79% दर्ज किया गया है। डिवीजन के आधार पर देखें तो 4,43,723 छात्रों ने प्रथम श्रेणी, 4,75,511 ने द्वितीय श्रेणी और 3,03,103 ने तृतीय श्रेणी में सफलता प्राप्त की है। इसके अलावा 13,406 छात्र पास श्रेणी में भी उत्तीर्ण हुए हैं। खास बात यह रही कि इस बार भी छात्राओं की संख्या और सफलता दर दोनों में बढ़त देखने को मिली है।

परीक्षा का आयोजन 17 फरवरी से 25 फरवरी 2026 के बीच राज्य के 1,699 केंद्रों पर दो पालियों में किया गया था। परीक्षा को कदाचारमुक्त और पारदर्शी बनाने के लिए तकनीक का व्यापक उपयोग किया गया। कॉपियों पर Barcode और Lithocode का प्रयोग किया गया, साथ ही OMR शीट और कंप्यूटर आधारित मूल्यांकन प्रणाली को अपनाया गया।

सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि बिहार बोर्ड ने इस बार भी रिकॉर्ड समय में रिजल्ट जारी किया। परीक्षा समाप्त होने के मात्र 28 दिनों के भीतर परिणाम घोषित कर दिया गया, जो अब तक का सबसे तेज परिणाम है। पिछले साल 2025 में यह समय 29 दिन था। लगातार पांचवें वर्ष (2022–2026) बोर्ड ने मार्च महीने में ही मैट्रिक का रिजल्ट जारी कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। कुल मिलाकर, बिहार बोर्ड मैट्रिक रिजल्ट 2026 न केवल बेहतर परिणामों के लिए बल्कि तेज और पारदर्शी प्रक्रिया के लिए भी चर्चा में बना हुआ है।