पटना: बिहार में मौसम बार बार पलटी मार रहा है और एक बार फिर से मौसम करवट लेने वाली है। बीते कई दिनों से आंधी और बारिश के बाद अब राज्य में पारा चढ़ने वाला है। इसे लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों में पारा 6 डिग्री से अधिक बढ़ सकता है। पटना, गया जी, औरंगाबाद समेत कई शहरों में पारा काफी चढ़ने वाला है जिसके बाद दोपहर में घर से निकलना आसान नहीं होगा।
मौसम विभाग की मानें तो अब राज्य में पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म हो चुका है और बारिश की संभावना भी बिल्कुल कमजोर हो गया है। अब बिहार में मौसम अब पूरी तरह शुष्क रहेगा। अररिया, किशनगंज जैसे इलाकों में कल तक बारिश के आसार थे, वहां भी अब धूप का प्रभाव बढ़ गया है। अगले एक सप्ताह में राज्य में गर्मी बढ़ेगी और लोगों को एक बार झुलसाने वाली गर्मी झेलना पड़ेगा। हाल में हुई बारिश के बाद बढ़ी गर्मी के बाद उमस की भी आशंका है जिससे लोगों को काफी परेशानी हो सकती है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि गया और दक्षिण बिहार के कुछ हिस्सों में पारा 41 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। राजधानी पटना और आसपास के इलाकों में भी तापमान 40 डिग्री के करीब रहेगा। सबसे बड़ी समस्या यह है कि नमी के कारण तापमान यानी महसूस होने वाली गर्मी वास्तविक तापमान से 2-3 डिग्री ज्यादा होगी। दिन में चिपचिपाहट और रात में गर्म हवाएं नींद उड़ाने का काम करेंगी। कैमूर, बक्सर, भोजपुर, औरंगाबाद और नवादा जैसे जिलों में लू चलने की प्रबल संभावना है। मुजफ्फरपुर और वैशाली में भी गर्मी का असर व्यापक रहेगा। दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच बाहर निकलने वालों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।