पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा के सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण के साथ ही बिहार की सियासत में हलचल तेज हो गई है। एक तरफ जानकारी मिल रही है कि दिल्ली में आयोजित भाजपा की बड़ी बैठक रद्द कर दी गई है तो दूसरी तरफ राजधानी पटना में विपक्ष में भी हलचल तेज हो गया है। राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सह विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी अचानक पार्टी कार्यालय पहुंचे और वहां नेताओं के साथ बैठक कर रहे हैं। हालांकि बंद दरवाजों के भीतर किस बात पर चर्चा हो रही है यह तो अभी जानकारी नहीं दी गई है लेकिन माना जा रहा है कि सरकार में बदलते नेतृत्व को लेकर राजद अपनी रणनीति पर चर्चा कर रही है।
राजधानी पटना में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव अचानक पार्टी कार्यालय पहुंचे और वहां वह अपने नेताओं के साथ बैठक कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार तेजस्वी करीब 1 घंटे से अधिक समय से बंद कमरों में बैठक कर रहे हैं। माना जा रहा है कि यह बैठक सत्ता में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर राजद की अगली रणनीति पर चर्चा के लिए की जा रही है। हालांकि अभी तक किसी तरह की आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
यह भी पढ़ें - नीतीश कुमार के शपथग्रहण पर भड़के तेजस्वी, कहा कौन सा पीएम का ले रहे हैं, NDA को भी सुना दिया'
बता दें कि सीएम नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की घोषणा के समय से ही नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव लगातार हमलावर हैं और भाजपा पर सीएम के साथ धोखेबाजी करने का आरोप लगा रहे हैं। शुक्रवार को भी सीएम नीतीश के राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ लेने के बाद तेजस्वी यादव ने मीडिया से बात करते हुए भाजपा पर हमले किये और कहा कि उन्हें राज्य के विकास से कोई मतलब नहीं है बल्कि भाजपा केवल सत्ता के लिए काम कर रही है। उन्होंने नीतीश कुमार को जबरन पद से हटाये जाने का भी आरोप लगाया था।
दूसरी तरफ सूत्रों से जानकारी मिल रही है कि दिल्ली में आयोजित भाजपा की बैठक भी रद्द कर दी गई है। बैठक में भाग लेने के लिए दिल्ली गए बिहार के नेता वापस पटना लौट रहे हैं। हालांकि बैठक रद्द किये जाने से संबंधित औपचारिक सूचना जारी नहीं की गई है लेकिन बताया जा रहा है कि डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी वापस लौट रहे हैं जबकि विजय सिन्हा भी देर शाम वापस आ जायेंगे। माना जा रहा है कि अब बिहार के मुख्यमंत्री के नाम पर चर्चा दिल्ली में नहीं बल्कि पटना में विधायक दल की बैठक में पर्यवेक्षक के नेतृत्व में की जाएगी। वहीं सीएम नीतीश कुमार के बारे में बताया जा रहा है कि वह पटना लौट आये हैं और अब विधानमंडल दल की बैठक करेंगे और फिर मुख्यमंत्री के पद से अपना इस्तीफा दे देंगे।
यह भी पढ़ें - मैं नीतीश जी को बधाई नहीं दूंगा, मांझी ने कहा 'बिहार विल मिस यू...', पीएम ने कहा 'उनके अनुभव का देश लेगा लाभ'