बिहार में मौसम एक बार फिर अपना मिजाज बदलने की तैयारी में है। गुरुवार को जहां पूरे राज्य में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, वहीं 20 मार्च से कई इलाकों में हल्की बारिश और वज्रपात के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के इस पूर्वानुमान ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
आपको बता दें की, गुरुवार के दिन दक्षिण-पश्चिम बिहार के बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद और अरवल जिलों में अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। इसी तरह दक्षिण-मध्य बिहार के पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय और जहानाबाद में भी तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। इन इलाकों में न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। राज्य के अन्य हिस्सों में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार 20 मार्च को उत्तर-मध्य, उत्तर-पूर्व और दक्षिण-पूर्व बिहार के कई जिलों में वज्रपात के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इसके बाद 21 मार्च को पूरे बिहार में मौसम और ज्यादा सक्रिय हो सकता है। इस दिन अधिकांश जिलों में वज्रपात के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चलने का अनुमान है। 22 मार्च को भी उत्तर-पूर्व और दक्षिण-पूर्व जिलों में इसी तरह का मौसम बना रह सकता है, जिसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचें और सतर्क रहें, खासकर वज्रपात के समय।
यह भी पढ़ें: आज का राशिफल : किसे मिलेगा लाभ, किसे रखना होगा धैर्य, चैत्र नवरात्रि का क्या प्रभाव पड़ेगा राशियों पर ।