बिहार में अप्रैल 2026 का मौसम इस बार लोगों को दोहरे अनुभव देने वाला है। एक ओर जहां तेज गर्मी और हीट वेव लोगों को परेशान करेगी, वहीं दूसरी ओर बीच-बीच में आंधी और बारिश से कुछ राहत मिलने के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार, महीने के दूसरे हफ्ते से राज्य में लू चलने की संभावना है, जिससे तापमान सामान्य से ऊपर जा सकता है।
आमतौर पर अप्रैल में बिहार का अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहता है, लेकिन इस बार पारा इससे ऊपर जाने के आसार हैं। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से अधिक रहने की उम्मीद है, जिससे रात में भी गर्मी का असर बना रहेगा।
अगर पिछले साल की बात करें तो अप्रैल 2025 में राज्य ने भीषण गर्मी झेली थी। गया, पटना और औरंगाबाद जैसे जिलों में तापमान 42 डिग्री तक पहुंच गया था। पूरे महीने लू का असर रहा और बारिश लगभग न के बराबर हुई, जिससे लोगों को दिन के साथ-साथ रात में भी राहत नहीं मिल पाई थी।
हालांकि, इस साल मौसम का पैटर्न थोड़ा अलग रहने वाला है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अप्रैल 2026 में गर्मी तो तेज रहेगी, लेकिन इसके साथ ही सामान्य से अधिक बारिश भी हो सकती है। इसका मतलब है कि महीने के दौरान कई बार आंधी और बारिश के दौर देखने को मिलेंगे, जो अस्थायी राहत जरूर देंगे।
अप्रैल में आमतौर पर आसमान साफ रहता है और तेज धूप के कारण जमीन तेजी से गर्म होती है। दिन लंबे होने और पश्चिमी व उत्तर-पश्चिमी गर्म हवाओं के चलते लू की स्थिति बनती है, जो शरीर पर सीधा असर डालती है।
फिलहाल, राज्य में मौसम सामान्य बना हुआ है, लेकिन गर्मी का असर धीरे-धीरे बढ़ रहा है। 5 अप्रैल तक तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। वहीं, 6 अप्रैल से कई जिलों में मौसम बदल सकता है और हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं।
राजधानी पटना में आज मौसम शुष्क लेकिन गर्म रहेगा। अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री और न्यूनतम 24 से 26 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। दिनभर तेज धूप रहेगी, जबकि शाम को हल्की राहत मिल सकती है। ऐसे में लोगों को धूप और लू से बचाव के लिए सतर्क रहने की जरूरत है।