गोपालगंज: बिहार से दिल्ली जा रही एक बस सोमवार को गोपालगंज में दुर्घटना का शिकार हो गई। बस दुर्घटनाग्रस्त होने की वजह से सवार कई यात्री जख्मी हो गए जबकि मौके पर अफरातफरी मच गई। आनन फानन में स्थानीय लोगों ने पुलिस के साथ मिल कर सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि बस सारण के मशरक से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी जो गोपालगंज में बरहिमा के समीप अनियंत्रित हो कर पलट गई। दुर्घटना में बस में सवार कई लोग जख्मी हो गए।

घटना के संबंध में स्थानीय लोगों ने बताया कि बस की रफ्तार काफी तेज थी और अचानक बस का संतुलन बिगड़ गया जिसके बाद सड़क पर पलट गई। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी और चीख पुकार का माहौल हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद सिधवलिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और बस में फंसे लोगों को क्रेन की मदद से निकलवा कर अस्पताल पहुँचाया। बस हादसे की वजह से एनएच 27 पर एक तरफ यातायात भी प्रभावित हो गया जिसके बाद वाहनों की लंबी कतार लग गई।

यह भी पढ़ें   -    जिसने भी देखा रह गया हैरान, बैलगाड़ी से निकली बारात तो विधायक भी अपने आप को नहीं रोक सके

घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है लेकिन प्रारंभिक तौर पर चालक के नियंत्रण खोने की वजह से दुर्घटना होने की बात कही जा रही है। मामले में एसडीपीओ 2 राजेश कुमार ने बताया कि दिल्ली जा रही एक बस हादसे का शिकार हो गई है। हादसा का वजह बस का एक चक्का ब्लास्ट होना है। हालांकि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, घायलों का इलाज कराया जा रहा है।

यह भी पढ़ें   -    नीतीश ने क्षेत्र में घूमने कहा तो पटना से निकल गए अनंत सिंह, कहा 'अब पहले से अधिक काम होगा'

गोपालगंज से एसके श्रीवास्तव की रिपोर्ट