और वर्दीवालों को दौड़ा दौड़ा कर पीटने लगी पुलिस, राजधानी पटना में लाठीचार्ज...
पटना: बड़ी खबर राजधानी पटना से है जहां अपनी पांच सूत्री मांगों को लेकर दफादार चौकीदार संघ ने विधानसभा घेराव के लिए मार्च किया। हालांकि पुलिस ने दफादार चौकीदार के इस मार्च को गांधी मैदान से निकलते ही मौर्या होटल गोलंबर के पास रोकने की कोशिश की लेकिन भीड़ ने बैरीकेडिंग तोड़ दिया और आगे बढ़ी। इसके बाद डाकबंगला चौराहा पर पुलिस ने ग्रामीण क्षेत्र में अपने ही सहयोगी दफादार और चौकीदारों पर लाठी चार्ज कर दिया। इस दौरान कई लोगों को हिरासत में भी लिया गया है।
दरअसल बिहार राज्य दफादार चौकीदार पंचायत के बैनर तले राजधानी पटना में राज्य भर के चौकीदार और दफादारों ने विधानसभा मार्च शुरू किया था। उनकी मांग है कि सेवा निवृति या स्वैच्छिक सेवा निवृति की स्थिति में कर्मियों के आश्रित जिसमें पत्नी, बेटा, बेटी, बहू, नाती, पोता, पोती समेत अन्य रिश्तेदार को रखा जाये साथ ही इस नियमावली से कुछ कंडिका हटाई जाए ताकि यह पारदर्शी और चौकीदार तथा दफादार के परिवार के लिए सही रहे। इसके साथ ही ग्रामीण पुलिस के नियुक्ति के लिए एसपी की जगह पूर्व की तरह डीएम को ही अधिकृत किया जाये।
यह भी पढ़ें - वाह रे बिहार पुलिस! भूल गए सुप्रीम कोर्ट का आदेश और कर दी ऐसी गलती कि हो गई फजीहत...
प्रदर्शनकारी दफादार और चौकीदारों ने मांग की कि पहले से बिहार पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों और थानों को निर्देश जारी किया है बावजूद इसके सभी जगहों पर चौकीदारों की अपने बीट को छोड़ कर बैंक ड्यूटी, कैदी स्कॉट ड्यूटी, डाक ड्यूटी और निजी आवास तक पर ड्यूटी लगाई जाती है, जिसे अविलंब बंद किया जाये। इस दौरान संघ के उपाध्यक्ष रामविलास पासवान ने कहा कि हमलोग पुलिस अधिकारी तथा अन्य पुलिसकर्मियों की तरह ही सप्ताह के सभी दिन 24 घंटे बिना किसी अवकाश के ड्यूटी करते हैं। लेकिन मुख्यालय की तरफ से बैंक ऑफ़ बरोदा के सहयोग से अन्य पुलिसकर्मियों के निधन पर 90 लाख से डेढ़ करोड़ रूपये तक के मुआवजा का प्रावधान है जबकि चौकीदार और दफादार के लिए ऐसी कोई व्यवस्था नहीं है जो कि अविलंब की जाये। इसके साथ ही अन्य पुलिसकर्मियों की तरह दफादार और चौकीदारों को भी 13 महीने का वेतन दिया जाये।
अपनी मांगों को लेकर गांधी मैदान से निकले दफादारो और चौकीदारों को डाकबंगला चौराहा पर रोकने की कोशिश की गई लेकिन जब प्रदर्शनकारी पुलिस पर भारी पड़ने लगे तो उनके ऊपर लाठी चार्ज की गई। इस दौरान मौके पर अफरातफरी का माहौल रहा जब एक पुलिसकर्मी दूसरे पुलिसकर्मी के ऊपर लाठी चलाते दिखे। वहीं इस दौरान मौके पर भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई जिसमें कई राहगीरों को भी चोट आई है जबकि पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी लिया है।
यह भी पढ़ें - BJP विधायक ने कर दी ऐसी मांग कि विपक्ष ने भी किया समर्थन, मंत्री का जवाब सुन दोनों पक्षों ने जम कर किया हंगामा...
पटना से चंदन तिवारी की रिपोर्ट