CM नीतीश ने सम्राट को लेकर किया बड़ा इशारा, कयासों का बाजार गर्म

जमुई: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की घोषणा और चुनाव में जीत के बाद अब बिहार की सियासत में नए मुख्यमंत्री चेहरे पर अटकी हुई है। बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा की चर्चा काफी जोरों पर है। इस बीच कई नेताओं का नाम सामने आ रहा है लेकिन बिहार के उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री सम्राट चौधरी का नाम अगले सीएम की रेस में सबसे आगे है। अब इस चर्चा के बीच सीएम नीतीश ने लगातार दूसरे दिन बड़ा इशारा दिया है जिसके बाद यह चर्चा होने लगी है कि बिहार के अगले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ही होंगे।

दरअसल जमुई में समृद्धि यात्रा के दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए एक तरफ जहां उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सीएम नीतीश की तारीफों के पुल बांधे तो सीएम ने भी अपने संबोधन के दौरान इशारों इशारों में कहा कि अब अगला सीएम सम्राट ही होने जा रहे हैं। जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम नीतीश ने कहा कि देखिए बिहार में कितना बढ़िया काम हो रहा है। उन्होंने सम्राट चौधरी की तरफ मुड़ कर कहा कि यहां का सारा काम यही लोग देख रहे हैं और आगे भी यह सब करेंगे।

यह भी पढ़ें     -     बिहार के अगले सीएम के रूप में कंफर्म हो गए सम्राट? भागलपुर में नीतीश ने किया इशारा तो बढ़ गई हलचल

जनसभा को संबोधन के अंत में सीएम नीतीश ने कहा कि अब आते हैं दुबारा तो हाथ उठाइएगा और फिर वह सम्राट चौधरी के पास चले गए। वहां उनके कंधे पर उन्होंने हाथ रखा जिसके बाद सम्राट चौधरी ने भी हाथ जोड़ कर जनता का अभिवादन किया जबकि मंच से नीचे मौजूद लोगों ने खूब तालियां बजाई। बता दें कि मंगलवार को भी सीएम नीतीश ने भागलपुर में जनसभा को संबोधित करने के बाद सम्राट चौधरी के कंधे पर हाथ रखा था जिसके बाद से यह चर्चा तेज हो गई है कि बिहार की कमान अब सम्राट को ही मिलने जा रही है। हालांकि अभी तक इस मामले में भाजपा-जदयू या NDA की तरफ से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है लेकिन सियासी गलियारों में कयासों का दौर लगातार जारी है।

यह भी पढ़ें     -     UGC के समर्थन में पटना में फिर से उतरे छात्र, कल सुप्रीम कोर्ट में होनी है सुनवाई...


Scan and join