पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कटिहार जिले के कोढा  थाना क्षेत्र में  भीषण सड़क दुर्घटना में  हुई लोगों की मौत पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह घटना काफी दुखद है और मैं इससे मर्माहत हूँ। मुख्यमंत्री ने मृतकों के आश्रितों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 02-02 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये अनुग्रह अनुदान देने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर वरीय अधिकारी घटनास्थल पर पहुँच कर राहत एंव बचाव कार्य में जुटे हुये है। मुख्यमंत्री ने हादसे में घायल हुये लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है और उनका समुचित इलाज कराने का भी निर्देश दिया है।

यह भी पढ़ें     -   कटिहार में बड़ा सड़क हादसा, 10 की मौत 30 से अधिक जख्मी, ऐसे हुई दुर्घटना

वहीं दूसरी तरफ बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी घटना पर दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने घटना में पीड़ितों के बेहतर उपचार और आर्थिक सहायता की मांग सरकार से की है। तेजस्वी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा है कि कटिहार में बस और पिकअप में टक्कर से हुई भीषण सड़क दुर्घटना की सूचना दुःखद और पीड़ादायक है। इस भयावह हादसे में 10 लोगों के असामयिक निधन से मन अत्यंत व्यथित है। शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति तथा पीड़ित परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें। शासन-प्रशासन पीड़ित परिजनों और घायलों को आर्थिक सहायता तथा अविलंब घायलों के बेहतर उपचार का प्रबंध करें। ईश्वर से घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूँ।

यह भी पढ़ें     -   बेगूसराय में सर्च ऑपरेशन के दौरान ब्लास्ट, दरभंगा सोना लूट मामले में छानबीन कर रही थी पुलिस तभी हुआ धमाका, 5 पुलिसकर्मी जख्मी