पटना: बीते दिनों संसद में महिला आरक्षण बिल गिरने के बाद सोमवार को बिहार की राजधानी पटना में NDA की महिला सदस्यों ने हल्ला बोला। राजधानी पटना के गांधी मैदान में महिलाओं ने जन आक्रोश महिला सम्मेलन का आयोजन किया जिसमें मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी भी पहुंचे। जन आक्रोश महिला सम्मेलन को संबोधित करते हुए सीएम सम्राट ने एक तरफ जहां महिला सशक्तिकरण के लिए बिहार की पूर्व सरकार की प्रशंसा की तो दूसरी तरफ महिलाओं को आरक्षण दिए जाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कदम की भी सराहना की। इस विधेयक का लोकसभा में विरोध और गिरने पर उन्होंने राहुल गांधी समेत विपक्ष की सभी पार्टियों पर जोरदार हमला भी किया।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार की सरकार ने महिलाओं को नगर निकाय और पंचायत चुनाव में 50 प्रतिशत आरक्षण दिया जिसकी वजह से बड़ी संख्या में महिलाएं स्थानीय स्तर पर जन प्रतिनिधि बन रही हैं। मोदी जी आज महिलाओं को देश की सभी सदनों में 33 प्रतिशत आरक्षण देना चाहते हैं। अगर आज यह लागू होता तो विधानसभा में मात्र 29 महिला विधायक नहीं होती बल्कि उनकी संख्या 3 गुना होती। लेकिन राहुल गांधी, तेजस्वी यादव, लालू यादव, अखिलेश यादव, DMK के नेता चाहते हैं कि सिर्फ उनकी पत्नी, बेटी, बहन और परिवार की अन्य महिलाएं ही सांसद और विधायक बनें लेकिन मोदी जी चाहते हैं कि देश की 272 बहनें संसद पहुंचे।
यह भी पढ़ें - महिला आरक्षण विधेयक का विरोध करने पर महिलाओं ने किया हल्लाबोल, कारगिल चौक पर कांग्रेस का विरोध...
विपक्ष के लोगों ने कभी भी महिलाओं को सम्मान नहीं दिया लेकिन अगर किसी ने महिलाओं को आगे बढ़ाया तो वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार की NDA सरकार है। विपक्ष के लोग नहीं चाहते हैं कि महिलाएं आगे बढ़ें। बिहार के नगर निकाय में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत का आरक्षण है लेकिन बिहार में 59 प्रतिशत नगर निकाय में जनप्रतिनिधि के रूप में 59 प्रतिशत महिलाएं चुन कर आई हैं। यह महिला सशक्तिकरण है। महागठबंधन, कांग्रेस और राजद के लोग हमारी बहनों के साथ धोखा कर रहे हैं। आज मोदी जी-नीतीश जी और नितिन नबीन जी के नेतृत्व में बिहार में NDA महिलाओं के लिए काम कर रहा है और हम आश्वस्त करते हैं कि राज्य में महिलाओं की सुरक्षा के लिए हम लगातार काम करते रहेंगे।
पहले अभिभावक के रूप में आदरणीय नीतीश जी ने बहुत काम किया और अब भी वे अभिभावक की भूमिका में हैं। मैं आज आपके सामने भाई के रूप में और एक मुख्यमंत्री के रूप में हमेशा आपके साथ खड़ा हूँ। आपलोग अपनी इस आक्रोश को हमेशा ज्वाला बना कर रखिये, आपको हमारा साथ हमेशा मिलता रहेगा। हम आपको हर हक़ और अधिकार दिलाने के लिए एक मुख्यमंत्री के रूप में, एक भाई के रूप में और एक बेटा के रूप में साथ खड़ा रहूँगा और जहां जरूरत पड़ेगी वहां ढाल बन कर खड़ा मिलूँगा।
यह भी पढ़ें - नीतीश कुमार के आवास पर JDU विधायक दल की बड़ी बैठक, पूर्व सीएम ले सकते हैं बड़ा फैसला..