पटना: राजधानी पटना के दानापुर इलाके में बीते दिनों एक आभूषण दुकान में लूट कांड का पुलिस ने उद्भेदन कर लिया है और सभी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से लूटे गए सभी आभूषण भी बरामद कर लिया है साथ ही उनके पास से हथियार भी पुलिस को मिला है। बताया जा रहा है कि घटना का मास्टरमाइंड सीवान का रहने वाला है जिसने एक जानने वाले के साथ अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए लूट की घटना की साजिश रची और दो अन्य अपराधियों के साथ मिल कर लूट कांड को अंजाम दिया।
मामले को लेकर पटना सिटी पश्चिमी एसपी भानुप्रताप सिंह ने बताया कि लूट कांड में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है जिनके पास से लूट का सारा सामान, दो देशी कट्टा, एक मैग्जीन, घटना में प्रयुक्त बाइक और स्कूटी के साथ ही बेहोश करने वाला एक स्प्रे भी बरामद किया गया है। घटना का मास्टरमाइंड सीवान का अनूप भारती है। वह दानापुर के एक मेडिकल दुकान में नौकरी करता था। एसपी ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने बताया कि दुकान पर काम करने के दौरान उसकी जान पहचान जिम में एक्सरसाइज करते वक्त रोहित नाम के एक युवक से हुई। दोनों में धीरे धीरे दोस्ती हो गई और अपनी कमजोर आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए दोनों ने लूट की साजिश रची।
यह भी पढ़ें - नबीनगर विधायक चेतन आनंद पर पार्टी के नेता ने ही लगाया रंगदारी मांगने का आरोप, धमकी देने का भी आरोप...
पटना सिटी एसपी पश्चिमी भानु प्रताप सिंह ने कहा कि पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि अनूप दुकान पर बैठे बैठे ही अपने पड़ोस के एक आभूषण दुकान की रेकी करता था। इसके साथ ही उसने 8 फरवरी को एक मोटरसाइकिल की चोरी की और इस बीच रोहित के माध्यम से दो अन्य अपराधियों से भी संपर्क किया जो पहले से आपराधिक घटनाओं में संलिप्त रहा है। उसने हथियार की व्यवस्था की और फिर चार आरोपियों ने मिल कर आभूषण दुकान में तय योजना के अनुसार दोपहर के समय लूटपाट की।
लूटपाट के बाद अगले दिन छपरा जा कर वहां लूट के सामान का बंटवारा करना था, वहीं पुलिस से बचने के लिए एक आरोपी नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती हो गया। इधर पुलिस ने छानबीन करते हुए तकनीकी और मानवीय आसूचना के आधार पर एक एक कर सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया जिसके बाद सभी को जेल भेज दिया गया।
यह भी पढ़ें - तेजस्वी ने NDA से पूछा क्यों फिसड्डी है बिहार, 31 पॉइंट पर सार्वजनिक बहस की दी चुनौती...
पटना से पशुपतिनाथ शर्मा की रिपोर्ट