दानापुर में अनियंत्रित हाइवा ट्रक ने दो छात्रों को रौंदा, आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर...
पटना: राजधानी पटना के दानापुर इलाके में सोमवार की शाम एक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार दो छात्रों की मौत हो गई। घटना के पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई वहीं आक्रोशित हो कर स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर आगजनी की तथा पुलिस के विरुद्ध जम कर नारेबाजी की। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को भी लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। वहीं पुलिस ने लोगों को भारी मशक्कत के बाद समझा बुझा कर सड़क जाम खत्म करवाया और आवागमन बहाल किया।
घटना राजधानी पटना के दानापुर के लखनी बीघा पुलिस चौकी के समीप की है जहां एक तेज रफ़्तार हाइवा वाहन ने बाइक सवार दो छात्रों को कुचल दिया जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान शाहपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीचक निवासी रितेश यादव और सुधांशु यादव के रूप में की गई। घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि दोनों युवक सगुना मोड़ पर कोचिंग पढने के लिए जा रहे थे इसी दौरान हाइवा ने उन्हें कुचल दिया। परिजनों ने पुलिस पर भी कई गंभीर आरोप लगाये और कहा कि नो एंट्री होने के बाद भी पुलिस की मिलीभगत से ट्रकों को आने दिया जाता है जिससे यह दुर्घटना घटी।
यह भी पढ़ें - ट्यूशन शिक्षक ने पहले छात्रा को दिया शादी का झांसा फिर..., नानी की शिकायत तो पुलिस ने दबोचा...
परिजनों ने हाइवा चालक समेत नो एंट्री जोन में ट्रक को एंट्री देने वाले पुलिस कर्मियों पर भी कार्रवाई करने की मांग की। फ़िलहाल पुलिस ने भारी मशक्कत के बाद लोगों को समझा बुझा कर सड़क जाम खत्म करवाया और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में दानापुर एएसपी शिवम धाकड़ ने बताया कि छात्र को हाइवा वाहन ने टक्कर मार दी जिससे दोनों की मौत हो गई। फ़िलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
यह भी पढ़ें - सहरसा में पुलिस पर हमला, थानाध्यक्ष समेत 4 पुलिसकर्मी जख्मी...
पटना से पशुपतिनाथ शर्मा की रिपोर्ट