दरभंगा के सुन्दरपुर इलाके में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को हिला कर रख दिया। तेनु पेड़ के पास स्थित बेचन दस के घर में खाना बनाने के दौरान अचानक गैस सिलेंडर में आग लग गई, जिसके बाद जोरदार ब्लास्ट हुआ। विस्फोट इतना भीषण था की कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। 

यह भी पढ़ें : CM हाउस में तेज हलचल, नीतीश के बाद कौन? 48 घंटे में तय होगा नया CM, नाम पर सस्पेंस बरक़रार

घटना के समय घर में मौजूद लोग संभल भी नहीं पाए और आग की चपेट में आ गए। इस हादसे में कुल आठ लोग गंभीर रूप से झुलस गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। इलाज के दौरान तीन लोगों ने दम तोड़ दिया, जिनमें गोविंद दास, मिसु कुमारी और महज तीन महीने का एक मासूम बच्चा शामिल है। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है। वहीं, बेचन दास, उनके परिजन और एक पड़ोसी आदित्य की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।

यह भी पढ़ें : आज का राशिफल: सभी 12 राशियों के लिए दिन मिलाजुला, कई जगह सावधानी की जरूरत

खास बात यह रही कि आग बुझाने पहुंचे अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी भी इस दौरान घायल हो गए। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर पूरी तरह जल चुका था। स्थानीय लोगों ने भी राहत और बचाव कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है। प्रारंभिक जांच में सिलेंडर लीकेज को हादसे की वजह माना जा रहा है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।