राजगीर के धर्मशाला में 4 जैन पर्यटकों का मिला शव, नेपाल से घूमने के बाद पहुंचे थे राजगीर, यहां के...
नालंदा: बड़ी खबर सामने आ रही है नालंदा के पर्यटन स्थल राजगीर से जहां एक दिगंबर धर्मशाला से जहां एक कमरे से चार जैन सैलानियों के शव बरामद हुए हैं। 4 जैन सैलानियों के शव बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फ़ैल गई वहीँ अब तक सभी की मौत की वजह सामने नहीं आई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में ले लिया है और आगे की छानबीन में जुट गई है। बताया जा रहा है कि जिस कमरे से शव बरामद हुआ है वह अंदर से बंद था। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस के वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और छानबीन में जुट गए हैं।
मामले में बताया जा रहा है कि जब कमरे से बदबू आने लगी तब लोगों को पता चला और पुलिस को सूचना दी गई। कहा जा रहा है कि सभी घूमने के लिए राजगीर आये थे और अपने कमरे में फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली। फ़िलहाल मौत के कारण का खुलासा नहीं हो सका है और न ही इस मामले में आधिकारिक पुष्टि हो सकी है। पुलिस के साथ ही फॉरेंसिक की टीम घटनास्थल पर जांच में जुटी हुई है।
यह भी पढ़ें - CM नीतीश से मिली प्रथम नेत्रहीन महिला टी-20 विश्व कप विजेता टीम की खिलाड़ी अनु कुमारी, कहा 'हमें गर्व है..'
आशंका जताई जा रही है कि सभी मृतक एक ही परिवार के हो सकते हैं, कुओंकी मृतकों में 3 महिला और एक पुरुष हैं। वहीं पुलिस ने प्राथमिक जांच के दौरान धर्मशाला में आने वाले अतिथियों की पंजी को जब्त कर लिया है वहीं सभी मृतक के आधार कार्ड भी पुलिस ने जब्त कर लिये हैं। जानकारी मिल रही है कि सभी मृतक 31 जनवरी को राजगीर पहुंचे थे और दो फरवरी तक लोगों ने उन्हें देखा था, अब सभी का शव एक ही कमरे में बरामद हुआ है। सभी लोग बेंगलुरु के रहने वाले बताये जा रहे हैं। जानकारी मिल रही है कि महिला के मुंह पर रेड टेप लगा है वहीं एक बुजुर्ग महिला पैर से भी दिव्यांग है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कमरे को सील कर दिया है। किसी को भी आने जाने की मनाही कर दी गई है। डीएसपी राजगीर के साथ ही स्थानीय थाना के थानाध्यक्ष और भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर कैंप कर रहे हैं। धर्मशाला के इंचार्ज मुकेश जैन ने बताया कि सभी लोग 31 जनवरी को धर्मशाला में आये थे। उन्होंने बताया था कि वे लोग नेपाल से घूमने के बाद राजगीर आये हैं। चारों में से एक ने अपना आधार कार्ड दिया था जिसमें नाम जीआर नाग प्रसाद और पता बेंगलुरु अंकित है। बाकि लोगों ने अपना आधार कार्ड नहीं दिया था।
यह भी पढ़ें - बिहार चुनाव रद्द करने की जन सुराज की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में हुई सुनवाई, CJI ने कहा 'आपको जनता ने...'