darsh news

गैस सिलिंडर के लिए राजधानी में लोगों ने किया सड़क जाम, प्रशासन ने कहा 'आपलोगों को...'

gas cylinder ke lie sadak jaam

पटना: मिडल ईस्ट में युद्ध को लेकर चल रहे तनाव के बीच बिहार में अब इंधन की कमी एक बड़ी समस्या बन गई है। हालांकि प्रशासन लगातार लोगों को जानकारी दे रहा है कि हमारे पास पर्याप्त इंधन उपलब्ध है लेकिन लोग हैं कि मान नहीं रहे और उहापोह के बीच सिलिंडर लेकर गैस लेने के लिए लाइन में खड़े हैं। लोगों की भीड़ की वजह से हर जगह अफरातफरी का माहौल है वहीं अचानक बड़ी मात्रा में मांग को लेकर स्थानीय स्तर पर आपूर्ति में परेशानी होने लगी है। इसी परेशानी की वजह से राजधानी पटना में लोगों ने सड़क जाम कर दिया।

यह भी पढ़ें     -       भारत में अब इंधन की नहीं होगी कमी, एस जयशंकर से बातचीत के बाद इस बात के लिए मान गया है ईरान

राजधानी पटना के फुलवारीशरीफ इलाके में लोगों ने गैस सिलिंडर की आपूर्ति नहीं होने से भड़क गए और पटना एम्स रोड को जाम कर दिया। लोग सड़क पर गैस सिलिंडर के साथ बैठ गए और जम कर नारेबाजी की। लोगों के विरोध प्रदर्शन की वजह से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया जिसकी वजह से वाहनों की लंबी कतार लग गई। प्रदर्शनकारी लोगों का कहना था कि गैस एजेंसी की तरफ से लोगों को समय पर गैस की आपूर्ति नहीं की जा रही है जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही है। लोगों ने आरोप लगाया कि जिन उपभोक्ताओं के मोबाइल पर डिलीवरी नंबर या मैसेज नहीं आता है उन्हें गैस सिलिंडर दिया जा रहा है जबकि जरूरतमंद लोगों को नहीं मिल रहा है।

स्थानीय लोगों ने कहा कि गैस तो मिल रही है लेकिन एजेंसी वाले लोग काफी देर कर रहे हैं जिससे उपभोक्ताओं को काफी इंतजार करना पड़ रहा है। सड़क जाम की सूचना मिलने के बाद स्थानीय थाना के साथ ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा बुझा कर सड़क जाम खत्म करवाया।

यह भी पढ़ें     -       गैस पहुंचा नहीं मैसेज में हो गई डिलीवरी, शिकायत के बाद पटना में FIR, DM ने...

पटना से पशुपतिनाथ शर्मा की रिपोर्ट


Scan and join

darsh news whats app qr