नहीं मिला गैस सिलिंडर तो लोगों ने कर दिया सड़क जाम, एजेंसी संचालक ने कहा 'सबको मिल रहा लेकिन...'
पटना: बिहार में इन दिनों रसोई गैस को लेकर लोगों में अफरातफरी का माहौल है। गैस की कमी की बात को लेकर लोगों की भीड़ हर जगह पर गैस एजेंसियों पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो रही है जिसकी वजह से लोगों के साथ ही वितरक को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि हर जगह जिला प्रशासन लगातार गैस की पर्याप्त उपलब्धता के दावे कर रहा है लेकिन जमीनी स्तर पर लोगों की भीड़ के आगे सारा स्टॉक बौना ही नजर आ रहा है।
इसी कड़ी में राजधानी पटना के नया टोला इलाके में शनिवार को लोगों ने सड़क जाम कर दिया और जम कर हंगामा किया। इस मामले में लोगों ने बताया कि उन्होंने पहले ही अपने लिए गैस की बुकिंग की थी और शनिवार को जब गैस सिलिंडर लेने के लिए एजेंसी पहुंचे तो फिर यहां एजेंसी ही बंद है। हमलोगों ने काफी देर तक इंतजार किया और बावजूद इसके जब एजेंसी नहीं खुली तो फिर हमारा गुस्सा कंट्रोल से बाहर हो गया जिसके बाद हम सड़क जाम करने पर मजबूर हो गए।
यह भी पढ़ें - राज्यसभा चुनाव के मतदान से पहले बिहार में राजनीतिक गहमागहमी तेज, RLM चीफ के घर जुटेंगे NDA के..
लोगों ने कहा कि प्रशासन का दावा झूठा है क्योंकि हमलोगों ने करीब एक सप्ताह पहले बुकिंग किया था और अब तक हमें गैस नहीं मिली है। इसके साथ ही अब गैस कंपनियां और एजेंसी कह रही हैं कि बगैर KYC लोगों को गैस नहीं दिया जायेगा और एजेंसी ही बंद है तो फिर लोग KYC कहाँ करवाएंगे। गैस एजेंसी संचालक अपनी मनमानी कर रहे हैं।
वहीं मामले में गैस एजेंसी संचालक ने कहा कि लोग गैस की कमी होने की अफवाह के कारण लगातार भीड़ लगा रहे हैं जबकि गैस पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है लेकिन एक बार में जरूरत से अधिक लोगों के पहुँचने के कारण ऐसी स्थिति उत्पन्न हो रही है। इसके साथ ही उन्होंने एजेंसी बंद होने के सवाल पर कहा कि एजेंसी बंद नहीं है बल्कि काम हो रहा है। यहां कल भी लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई थी जिसके बाद हमें डर है कि कहीं लोग तोड़फोड़ न करने लग जाएँ इसलिए सुरक्षात्मक कदम उठाया गया है जबकि लोगों को गैस का सप्लाई लगातार किया जा रहा है। हमलोग वैसे लोगों को भी गैस दे रहे हैं जिनका अभी KYC नहीं हुआ है लेकिन उन्होंने अपनी बुकिंग कर ली है।
राजधानी में गैस के लिए सड़क जाम की सूचना पर स्थानीय थाना की पुलिस पहुंची जिसके बाद उसे भी लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। हालांकि पुलिस ने लोगों को समझा बुझा कर और सभी को गैस उपलब्ध कराये जाने का आश्वासन दे कर जाम खत्म करवाया। इस दौरान लोगों ने सड़क पर गैस सिलिंडर और बांस बल्ला के साथ सड़क जाम कर दिया था जिससे सड़क पर आवागमन पूरी तरह से प्रभावित रही।
यह भी पढ़ें - राज्यसभा चुनाव को लेकर क्या होगा BJP का अगला कदम, NDA विधायक दल की बैठक से पहले कोर कमिटी...
पटना से चंदन तिवारी की रिपोर्ट