पटना: बड़ी खबर राजधानी पटना से है जहां बेखौफ अपराधियों ने एक अपार्टमेंट के अंदर घुस कर एक कारोबारी को गोली मार दी। बताया जा रहा है कि कारोबारी अपने घर पहुंचे थे और घर के अंदर जा रहे थे उसी दौरान घात लगाए अपराधियों ने अपार्टमेंट के पहले तल पर जा कर उन्हें गोली मार दी और फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी का माहौल हो गया वहीं पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। घटना के बाद इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है जबकि जख्मी की पहचान गिट्टी बालू कारोबारी दिलीप सिंह के रूप में की गई। घटना शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र के शिवपुरी नाला के समीप एक अपार्टमेंट की है जहां बीती रात अपने काम से लौटे कारोबारी को घात लगाए अपराधियों ने अपार्टमेंट में घुस कर गोली मार दी।

घटना के संबंध में कारोबारी के मित्र ने बताया कि जख्मी दिलीप सिंह ने खुद ही फोन कर जानकारी दी कि किसी ने गोली मार दी है जल्दी आइये। हमलोग मौके पर पहुंचे और आनन फानन में अस्पताल पहुंचाया गया है जहां उनकी स्थिति स्थिर बनी हुई है। उन्होंने बताया अभी जख्मी से बात नहीं हो पाई है इसलिए यह बताना संभव नहीं होगा कि किसने और क्यों गोली मारी लेकिन घटनास्थल से दो तरह के खोखे मिले हैं जिससे यह प्रतीत होता है कि कम से कम दो अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया होगा। वहीं मामले में एसडीपीओ 2 साकेत कुमार ने कहा कि शिवपुरी नाला के समीप एक अपार्टमेंट में कारोबारी को गोली मारे जाने की सूचना मिली जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंच कर छानबीन में जुट गई है। जख्मी व्यक्ति का इलाज करवाया जा रहा है वहीं पुलिस सीसीटीवी खंगालने में जुट गई है जबकि FSL की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पटना से चंदन तिवारी की रिपोर्ट